बस स्टैंड के पास मिली अज्ञात युवक की लाश, शरीर पर चोट के निशान, संदिग्ध मौत से इलाके में फैली सनसनी, तीन संदेहियों से पूछताछ कर रही पुलिस
Body of an unidentified young man found near the bus stand; marks of injury present on the body. The suspicious death has caused a stir in the area; police are questioning three suspects.
रायगढ़ : शनिवार की सुबह ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे संदिग्ध हालत में अज्ञात युवक की लाश मिलने से आसपास इलाके में सनसनी फैल गई. मामले की खबर पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की. मृतक के शरीर पर चोट के निशान होने की वजह से प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मालुम होने पर फॉरेंसिक मोबाइल यूनिट की भी मदद ली गई. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाते हुए जांच शुरु कर दी है. वहीं मृतक की शिनाख्त भी नहीं हो पाई है.
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार की सुबह जूटमिल क्षेत्र में स्थित ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास नेशनल हाईवे में सड़क किनारे उम्र करीब 35 से 40 के एक युवक की लाश देख आसपास लोगों की भीड़ लग गई. वहीं मामले की खबर जूटमिल थाने में दिए जाने पर थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरु की.
शुरूआती जांच में यह बात सामने आई है कि अज्ञात बदमाशों द्वारा लूटपाट के इरादे से उसके साथ मारपीट की गई है और सीने और पीठ में किसी धारदार वस्तु से वार किया गया है. जिसकी वजह उसकी मौत हो गई. वहीं, जूटमिल पुलिस ने जांच के दायरे को बढ़ाते हुए तीन संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है.
मृतक के सीने और पीठ के अलावा कंधे में चोट के निशान मिलने पर प्रथम दृष्टया मामला हत्या का मालुम होने से टीआई अभिनव कांत ने उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक मोबाइल यूनिट की भी मदद ली गई.
लाश से कुछ दूरी पर मृतक का बैग मिला. जिसमें चादर और कपड़े थे. जिससे माना जा रहा है कि वह ग्रामीण क्षेत्र का रहने वाला है और मुसाफिरी में रायगढ़ आया था. चूंकि मृतक बाहर का रहने वाला है. जिससे स्थानीय स्तर पर उसकी किसी से कोई पुरानी रंजिश का सवाल ही नहीं उठता. लिहाजा माना जा रहा है कि रात को बस स्टैंड तरफ उसके आने पर बदमाशों द्वारा लूटपाट के इरादे से उसके साथ मारपीट की गई होगी और इसी बीच पेचकस नुमा धारदार हथियार से सीने में वार करने की वजह से उसकी मौत हुई होगी.
वहीं पंचनामा कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाते हुए सभी बिंदुओं पर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि जूटमिल पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने तीन संदेहियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है.
वहीं मृतक की शिनाख्त नहीं होने पर आसपास के लोगों से पूछताछ की गई. लेकिन किसी तरह की जानकारी नहीं मिल सकी. परिजनों की पतासाजी के लिए पुलिस ने फोटो आसपास के जिलों के थानों में भिजवाया है और सोशल मीडिया पर भी वायरल करवाया गया है. वहीं पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जा सकेगी.
ट्रांसपोर्ट नगर के पास चौराहे में डिवाइडर पर पूर्व में प्रशासन द्वारा सीसीटीवी लगवाया गया था. लेकिन लंबे समय से सीसीटीवी खराब पड़े हैं और कैमरे धूल फांक रहे हैं. जिस खंभे पर सीसीटीवी के कैमरे लगे हैं. उसके सामने ही लाश मिली है. अगर कैमरे सही होते तो असल वजह का खुलासा हो सकता था. वहीं पुलिस अब घटनास्थल से कुछ दूर पर दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



