भूपेश बघेल के आपत्तिजनक AI वीडियो मामले में FIR और गिरफ्तारी की मांग, कांग्रेस नेताओं ने घेरा थाना, कमिश्नर ऑफिस का घेराव की चेतावनी

Congress leaders demand FIR and arrest in Bhupesh Baghel's objectionable AI video case; surround police station, threaten to surround Commissioner's office

भूपेश बघेल के आपत्तिजनक AI वीडियो मामले में FIR और गिरफ्तारी की मांग, कांग्रेस नेताओं ने घेरा थाना, कमिश्नर ऑफिस का घेराव की चेतावनी

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजनीति में उस वक्त हड़कंप मच गया. जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और एक वरिष्ठ राज्य प्रशासनिक अधिकारी से जुड़ा कथित आपत्तिजनक AI‑जनरेटेड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो के सामने आते ही सियासी माहौल गरमा गया और कांग्रेस ने इसे चरित्र हनन बताया. बढ़ते विवाद को देखते हुए अब राज्य महिला आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
वीडियो में दोनों को बाइक पर घूमते और अन्य निजी पलों में दिखाया गया है. जिसे लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया. वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी में आक्रोश फैल गया. कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे बेहद आपत्तिजनक बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की. उनका आरोप है कि इस तरह के फर्जी वीडियो बनाकर पूर्व मुख्यमंत्री की छवि खराब करने की साजिश की जा रही है.
कांग्रेस की शिकायत और विवाद बढ़ने के बाद राज्य महिला आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान लिया है. आयोग ने साइबर सेल को निर्देश दिए हैं कि तकनीकी जांच के जरिए वीडियो बनाने और फैलाने वाले व्यक्ति की पहचान की जाए और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.
जानकारी के मुताबिक यह वीडियो इंस्टाग्राम पर Congress_pollkhol नाम के अकाउंट से पोस्ट किया गया था. जिसे randomchhattisgarh नाम के एक अन्य यूजर के साथ कोलैबरेशन में अपलोड किया गया. वीडियो AI तकनीक से बनाकर जानबूझकर वायरल किया गया. ऐसा आरोप लगाया जा रहा है.
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके पूर्व उपसचिव के खिलाफ सोशल मीडिया पर प्रसारित आपत्तिजनक एआई (AI) वीडियो को लेकर कांग्रेस नेता सुशील सन्नी अग्रवाल ने सिविल लाइन थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा. अग्रवाल ने बताया कि “कांग्रेस पोल खोल” नामक इंस्टाग्राम पेज के जरिए अभद्र और भ्रामक सामग्री फैलाकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी की छवि को धूमिल करने की कोशिश की जा रही है.
थाना प्रभारी ने साइबर सेल के जरिए 48 घंटे के भीतर वीडियो हटाने और पेज डिलीट करने का आश्वासन दिया है. सुशील सन्नी अग्रवाल ने दो टूक चेतावनी दी कि अगर 2 दिनों के भीतर दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे कार्यकर्ताओं के साथ कमिश्नर ऑफिस का घेराव करेंगे. इस दौरान कमलेश नथवाणी, नीलकण्ठ जगत, विक्की महानंद, राज तिवारी सहित अन्य कार्यकर्तागण मौजूद रहे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t

दुर्ग : फेक एवं आपत्तिजनक एआई जनरेटेड वीडियो को लेकर दुर्ग में भी कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया. जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल और भिलाई नगर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल से मुलाकात कर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की. पुलिस अधीक्षक अग्रवाल ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को दो दिन में कार्यवाही का आश्वासन दिया है.
प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि इंस्टाग्राम पर ‘कांग्रेस पोल खोल’ एवं ‘रैंडम छत्तीसगढ़’ आईडी के माध्यम से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से भ्रामक, असत्य और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही है.
सुबह लगभग 10 बजे जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के निर्देश के बाद प्रभारी महामंत्री राजीव गुप्ता द्वारा जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष को पत्र लिख निर्देश दिए गए कि आप सभी अपने अपने ब्लॉक में स्थित पुलिस थाना पहुंचकर उक्त पूरे मामले में FIR दर्ज कराएं, जिसके बाद सभी ब्लॉक अध्यक्ष बड़ी तादाद में जिले भर के थाना पहुंच कर गिरफ्तारी की मांग करने लगे.
जामगांव आर और रानीतराई में ब्लॉक अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कुम्हारी मनहरण यादव, भिलाई 3 श्रीकांत वर्मा, नंदिनी नगर अहिवारा उमेश साहू और संतोष बाफना, जामुल कमलेश साहू, धमधा शिवकुमार वर्मा, अंडा देवेंद्र देशमुख, जेवरा सिरसा में कोषाध्यक्ष विक्रांत अग्रवाल के नेतृत्व में थाने पहुचे.
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने इस हरकत को व्यक्तिगत चरित्र हनन का प्रयास बताया. उन्होंने कहा कि यह समाज में वैमनस्य फैलाने और राजनीतिक वातावरण को विषाक्त करने की साजिश है. इस तरह की हरकतों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है. कांग्रेस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि दुर्ग शहर में सोशल मीडिया पर इससे पहले भी आपत्तिजनक वीडियो सामने आए हैं. इस बारे में शिकायत भी की गई थी. लेकिन अब तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस पर सरकार का दबाव है और कार्रवाई में भेदभाव हो रहा है.
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े एआई जनरेटेड वीडियो सोशल मीडिया पर डाले जा रहे हैं, लेकिन पुलिस सिर्फ ज्ञापन देने की बात कह रही है. चंद्राकर ने चेतावनी दी कि अगर दो दिन के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो आंदोलन किया जाएगा.
भविष्य में ऐसे एआई जनरेटेड दुष्प्रचार पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने पर भी जोर दिया गया. ठाकुर ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई न हुई तो जनआंदोलन होगा. जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने दो दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया. जिससे कांग्रेसी शांत हुए.
इस दौरान पूर्व विधायक अरुण वोरा, धर्मेंद्र यादव, नीरज पॉल, आरएन वर्मा, कृष्णा चंद्राकर, संजय कोहले, राजेश साहू, सीजू एंथोनी, कैलाश नाहटा, देवेंद्र देशमुख, संतोष बाफना, ओमप्रकाश जोशी, राहुल शर्मा, देव सिन्हा, विमल यादव, बृजमोहन तिवारी, द्वारिका साहू, सुरता सिंह गढ़े, पालेश्वर ठाकुर, लोचन यादव, मोहित वालदे, जय प्रकाश साहू, अभिषेक जांगड़े, सुमित नारंग, शिशिरकांत कसार, सुनीत घोष, रितेश बंजारे, प्रमोद यादव, संदीप कुमार सहित बड़ी तादाद में कांग्रेसजन मौजूद थे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t