DSP के ड्राइवर की हार्ट अटैक से गई जान, इधर कैंसर से महिला पुलिस अधिकारी का निधन, जिले में दो मौतों से विभाग में पसरा मातम
DSP's driver died of a heart attack, while a female police officer died of cancer, two deaths in the district have caused mourning in the department
DSP के ड्राइवर को आया हार्ट अटैक
कोरबा : पुलिस विभाग में लगातार हो रही मौतों से पूरा पुलिस परिवार शोक में है. एमटी शाखा में पदस्थ 27 साल की आरक्षक सुरेंद्र लहरे की हार्ट अटैक से मौत हो गई. सुरेंद्र डीएसपी प्रतिभा मरकाम के ड्राइवर के रुप में भी पदस्थ थे.
मिली जानकारी के मुताबिक सुरेंद्र को अचानक सीने में दर्द हुआ. परिजन और सहयोगी उन्हें फौरन अस्पताल ले गए. डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सुरेंद्र की शादी को कुछ ही साल हुए थे. उनके पीछे 8 माह का बच्चा है.
बालको सेक्टर-3 निवासी सुरेंद्र अपने मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे. विभागीय अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है.
इससे पहले पुलिस लाइन में रहने वाले तीन पुलिसकर्मियों के बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हुई. एक दिन बाद टीआई मंजूषा पांडे की बीमारी से मौत हो गई. लगातार हो रही इन घटनाओं से पुलिस परिवार में शोक का माहौल है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t
कैंसर से महिला पुलिस अधिकारी का निधन
कोरबा : वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मंजूषा पांडे का लंबी बीमारी के बाद रायपुर के एक अस्पताल में निधन हो गया. वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं. 2008 बैच की पुलिस निरीक्षक मंजूषा को कोरबा में एक कर्तव्यनिष्ठ और संवेदनशील अधिकारी के रुप में जाना जाता था.
मंजूषा ने बालको थाना प्रभारी के रुप में अपनी प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया. उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि कोरबा के जिला मेडिकल कॉलेज से एक दुधमुंहे बच्चे के अपहरण मामले को सुलझाना था. उनकी तत्परता से बच्चा सकुशल बरामद हुआ था. इस कामयाब ऑपरेशन के बाद वे कोरबा में लोकप्रिय अधिकारी बन गई.
मंजूषा रायगढ़ की रहने वाली थीं. उनके पति मृत्युंजय पांडे कोरबा के हरदी बाजार थाने में थाना प्रभारी हैं. दंपती का एक 9 साल का बच्चा है. मृत्युंजय मूल रुप से बिलासपुर के निवासी हैं. बालको थाना प्रभारी के बाद मंजूषा परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी भी रहीं. उनके निधन से छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में शोक की लहर है. पुलिस महानिदेशक समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके निधन पर दुख जताया है. विभाग ने इसे एक बड़ी क्षति बताया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



