तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो लोगों की दर्दनाक मौत, तीन की हालत नाजुक, दोनों युवकों को रायपुर किया गया रेफर
High speed bikes collide head-on, two people die tragically, three in critical condition, both youths referred to Raipur
अभनपुर/कुर्रा : राजधानी से सटे रायपुर-राजिम मुख्य मार्ग पर सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि तीन अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए. जब दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने से टकरा गईं. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक चालकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची. यह हादसा रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में ग्राम कुर्रा के पास हुआ है.
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार देर शाम रायपुर-राजिम मुख्य मार्ग पर ग्राम कुर्रा के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई. एक बाइक पर तीन युवक सवार थे. वहीं दूसरी बाइक पर दो युवक सवार थे. हादसे में दोनों बाइकों पर सवार एक-एक युवक की मौत हो गई. वहीं, तीन युवक गंभीर रुप से घायल हो गए.
हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई. लोगों ने हादसे की खबर पुलिस को दी. खबर मिलते ही गोबरा नवापारा थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल, एसआई सुनील कश्यप, एएसआई गुलाब सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिलाया गया. जिसके बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया.
दरअसल धमतरी खरतुली निवासी लीलेश्वर साहू अपने दोस्त वीरेंद्र साहू और हुकुमचंद नेताम के साथ पुट्टी का काम करने ग्राम हसदा आया था. तीनों शाम करीब 5 बजे हसदा से किसी काम से नवापारा आए थे. काम खत्म करने के बाद शाम को वह हसदा लौट रहे थे. तभी ग्राम कुर्रा के पास यह हादसा हो गया.
हादसा इतना भीषण था कि लीलेश्वर साहू की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि हुकुमचंद और वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना में शामिल दूसरा बाइक सवार गरियाबंद जिले का निवासी बताया जा रहा है. उसकी पहचान नहीं हो पाई है. हादसे में घायल दोनों युवकों को रायपुर रेफर कर दिया गया है. वहीं, तीसरे युवक को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी में रखवा दिया है. फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है और अन्य बाइक सवारों की भी पतासाजी कर रही है. यह हादसा न सिर्फ तेज रफ्तार और असावधानी का नतीजा माना जा रहा है. बल्कि एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



