भिलाई में चाकू लेकर लोगों को धमका रहे बदमाश के खिलाफ पुलिस ने की तत्काल कार्रवाई, फौरन आरोपी अनुभव गिरफ्तार, हथियार जप्त

Police took immediate action against a youth who was threatening people with a knife in Bhilai. The accused, Anubhav, was immediately arrested and the weapon seized.

भिलाई में चाकू लेकर लोगों को धमका रहे बदमाश के खिलाफ पुलिस ने की तत्काल कार्रवाई, फौरन आरोपी अनुभव गिरफ्तार, हथियार जप्त

दुर्ग : भिलाई नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को लोहे का चाकू लेकर लोगों को धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि युवक सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराते हुए आसपास के लोगों में डर का माहौल बना रहा था. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक भिलाई नगर पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि रुआबांधा स्थित शीतला तालाब पार एक युवक लोहे का चाकू लेकर लोगों को धमका रहा है. खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया गया.
गिरफ्तार युवक की पहचान अनुभव मसीह उम्र 19 साल निवासी मैत्री कुंज प्रगति नगर, रिसाली, थाना नेवई, जिला दुर्ग के रुप में हुई है. तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पास से लोहे का चाकू मिला. पुलिस ने बताया कि आरोपी हथियार रखने का कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका.
इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 540/2025 दर्ज करते हुए धारा 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला कायम किया. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
भिलाई नगर थाना प्रभारी ने बताया कि दीपावली त्योहार के दौरान असामाजिक गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी नजर रखी जा रही है. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या उपद्रवी की खबर नागरिक फौरन पुलिस को दें. ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके. उन्होंने कहा कि पुलिस का मकसद त्योहार के समय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t