सड़क हादसे ने छीनी परिवार की खुशियां, अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बच्चों के पिता की दर्दनाक मौत, पसरा मातम, जर्जर सड़क पर फिर उठे सवाल

Road accident shatters a family’s happiness; a father of two dies a tragic death after being struck by an unidentified vehicle. Grief descends, and the dilapidated state of the road once again raises serious concerns.

सड़क हादसे ने छीनी परिवार की खुशियां, अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बच्चों के पिता की दर्दनाक मौत, पसरा मातम, जर्जर सड़क पर फिर उठे सवाल

गरियाबंद/छुरा : छुरा-रसेला मार्ग पर ग्राम सेम्हरा के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से बाइक सवार युवक महेश मांझी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतक ग्राम छत्तरमड़ई का निवासी था. हादसे की खबर सामने आते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. वहीं इस हादसे के बाद लंबे समय से बदहाल पड़े छुरा-रसेला मार्ग की हालत को लेकर भी एक बार फिर बहस तेज हो गई है. सालों से मरम्मत की मांग के बावजूद सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे अब भी राहगीरों के लिए परेशानी बने हुए हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक महेश मांझी किसी काम से छुरा आया था. अपना काम निपटाकर वह बाइक से वापस गांव लौट रहा था. इसी दौरान ग्राम सेम्हरा के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हादसे की खबर मिलते ही छुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मौके का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामले में जरुरी वैधानिक कार्रवाई शुरू की. फिलहाल हादसे में शामिल अज्ञात वाहन का पता लगाने और हादसे के हालात की जांच की जा रही है.
इस हादसे ने एक बार फिर छुरा से रसेला तक के मार्ग की बदहाली को चर्चा के केंद्र में ला दिया है. स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से आवागमन में लगातार बाधा उत्पन्न कर रहे हैं. खासकर बाइक चालकों को रास्ते में संतुलन बनाए रखने और गड्ढों से बचने के दौरान जोखिम उठाना पड़ता है. सामने से वाहनों के आने पर परेशानी और बढ़ जाती है.
क्षेत्रवासियों का कहना है कि मार्ग की मरम्मत के लिए लंबे समय से आवाज उठाई जा रही है. लेकिन अब तक अपेक्षित सुधार नजर नहीं आया. लोगों ने सड़क की हालत को लेकर संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नियमित रखरखाव और स्थायी मरम्मत की मांग की है. हालांकि इस हादसे की असल वजह पुलिस जांच के बाद ही साफ होगी. इसलिए इसे सीधे सड़क की बदहाली का परिणाम मानना अभी सहीं नहीं होगा.
जनहित को देखते हुए लोक निर्माण विभाग से क्षतिग्रस्त हिस्सों का निरीक्षण कर गड्ढों की फौरन मरम्मत और जरूरत के मुताबिक स्थायी सुधार कराने की मांग की जा रही है. साथ ही दुर्घटना स्थल पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की भी जरुरत बताई जा रही है.
महेश मांझी की मौत के बाद अब इलाके में एक बड़ा सवाल गूंज रहा है कि क्या इस हादसे के बाद जिम्मेदार महकमा जागेगा? क्या सालों से मरम्मत की बाट जोह रही सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे, या फिर बदहाल मार्ग पर खतरे का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा?
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb