राजस्व रिकॉर्ड में गड़बड़ी पर सख्त कार्यवाही, महिला पटवारी अम्बा उपाध्याय सस्पेंड, कलेक्टर के निर्देश पर एसडीओ का एक्शन, महकमे में मचा हड़कंप
Strict action taken over irregularities in revenue records; female Patwari Amba Upadhyay suspended. The SDO acted on the Collector's instructions, causing a stir within the department.
बेमेतरा : छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में राजस्व अभिलेखों में अनियमितता बरतने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देश पर ग्राम निनवा की पटवारी अम्बा उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. पटवारी पर निजी स्वामित्व वाली जमीन के राजस्व रिकॉर्ड और नक्शे में नियमों के खिलाफ बदलाव करने का आरोप है. प्रशासन की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बेमेतरा ने पटवारी हल्का क्रमांक-40 में पदस्थ अम्बा उपाध्याय के खिलाफ कार्रवाई की है. जांच में पाया गया कि उनके द्वारा निजी स्वामित्व की जमीन के खसरा क्रमांक 184/1 और 184/2 के राजस्व अभिलेखों में सक्षम न्यायालय के आदेश के बिना फेरबदल किया गया.
अधिकारियों के मुताबिक राजस्व रिकॉर्ड में किसी भी तरह का परिवर्तन निर्धारित प्रक्रिया और सक्षम न्यायालय के आदेश के आधार पर ही किया जा सकता है. लेकिन जांच में पाया गया कि संबंधित पटवारी द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए अभिलेखों और नक्शे में बदलाव किया गया. इसे शासकीय कार्यों के प्रति गंभीर लापरवाही और कदाचार की श्रेणी में रखा गया है.
शासन ने बताया कि पटवारी का यह कृत्य छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता की धारा 115 एवं 116 के प्रावधानों के खिलाफ पाया गया है. राजस्व अभिलेखों में किसी भी तरह की अनियमितता सीधे तौर पर जमीन विवादों को जन्म दे सकती है. इसलिए ऐसे मामलों में प्रशासन द्वारा सख्त रुख अपनाया जा रहा है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत पटवारी अम्बा उपाध्याय को सस्पेंड किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय बेमेतरा निर्धारित किया गया है. इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा. प्रशासन ने ग्राम निनवा के पटवारी हल्का क्रमांक-40 का अतिरिक्त प्रभार भी दूसरे कर्मचारी को सौंप दिया है. जारी आदेश के मुताबिक, पटवारी हल्का क्रमांक-26 में पदस्थ पटवारी मेघनाथ वर्मा को फिलहाल अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है. ताकि क्षेत्र के राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित न हों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



