लड़की ने दी बर्बाद करने की धमकी, सगाई बाद आरोपी ने अवैध संबंध और बदनामी के डर से दादी-पोती को उतारा मौत के घाट, दो आरोपी गिरफ्तार

The girl threatened to ruin their lives; after the engagement, the accused killed the grandmother and granddaughter due to fear of illicit relationship and defamation; two accused arrested.

लड़की ने दी बर्बाद करने की धमकी, सगाई बाद आरोपी ने अवैध संबंध और बदनामी के डर से दादी-पोती को उतारा मौत के घाट, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग : दुर्ग थाना पुलगांव क्षेत्र के ग्राम गनियारी में मार्च 2024 में हुई दादी-पोती की हत्या के मामले का दुर्ग पुलिस ने खुलासा कर दिया है. करीब सात महीने की लंबी और वैज्ञानिक जांच के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह वारदात अवैध संबंधों के खुलासे के डर से की गई थी. मुख्य आरोपी चुमेन्द्र उर्फ लल्ला निषाद और उसके साथी पंकज उर्फ पवित्र निषाद ने प्लान बनाकर वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू, मोबाइल और स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 6 मार्च 2024 को ग्राम गनियारी (थाना पुलगांव) में एक बुजुर्ग महिला और उसकी नाबालिग पोती की हत्या कर दी गई थी. दोनों के जिस्म पर धारदार और भोथरे हथियारों से कई वार किए गए थे. शवों पर गंभीर चोटों के निशान थे. जिससे यह साफ था कि हत्या बेहद क्रूरता से की गई. वारदात की खबर मिलते ही एफएसएल, फिंगर प्रिंट टीम, डॉग स्क्वॉड और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी दुर्ग के निर्देशन में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई.
पुलिस ने जांच के दौरान आधुनिक तकनीकों का प्रयोग किया. कुल 62 संदिग्धों से पूछताछ की गई और उनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले गए. अहमदाबाद और रायपुर में संदिग्धों का ब्रेनमैपिंग, पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट कराया गया. वैज्ञानिक परीक्षणों से मिले सबूतों ने जांच की दिशा बदल दी. जिससे पुलिस सीधे मुख्य आरोपी चुमेन्द्र निषाद तक पहुंची.
पूछताछ में आरोपी चुमेन्द्र ने कबूल किया कि उसका मृतिका नाबालिग से अवैध संबंध था. इसी बीच 19 फरवरी 2024 को उसकी सगाई तय हो गई थी. उसे डर था कि अगर मृतिका यह बात किसी को बता देगी तो उसकी सगाई टूट जाएगी और बदनामी होगी. मृतिका ने अपनी सहेलियों के जरिए आरोपी को धमकाया था कि वह “उसे और उसके परिवार को बर्बाद कर देगी.” इस डर से आरोपी ने अपने शराब तस्कर साथी पंकज निषाद और एक अन्य फरार आरोपी के साथ मिलकर हत्या की प्लान बनाई.
हत्या की रात आरोपी चुमेन्द्र अपने दोस्तों के साथ उतई के पास घुघसीडीह चौथिया खाने गया था. ताकि वह खुद को वारदात से दूर साबित कर सके. रात करीब 1 बजे वह गांव लौटा और अपने भाई को फोन कर दरवाजा खुलवाया. बाद में बाहर निकलकर उसने व्हाट्सऐप कॉल से अपने साथियों पंकज और एक अन्य को बुलाया. जो स्कॉर्पियो नम्बर CG06 E 6666 में पहुंचे. चुमेन्द्र ने मृतिका के घर जाकर आवाज दी और कहा  “चलो, शादी करेंगे और भाग चलेंगे.” मृतिका ने मना करते हुए कहा कि “तुम्हारी सगाई हो चुकी है.” इस पर आरोपी को गुस्सा आ गया. उसे यह भी शक था कि मृतिका तीन महीने की गर्भवती है. गुस्से में उसने वहीं रखे टंगिया (धारदार हथियार) से कई वार कर उसकी हत्या कर दी. जब दादी बचाने आई. तो उसने उसके गले पर चाकू से वार किया और बाहर भागने पर पकड़कर अंदर घसीट लिया. हत्या के बाद आरोपी ने हथियार को पास के तालाब में धोया और अपने साथियों को बताया कि “काम हो गया है.”
मुख्य आरोपी चुमेन्द्र निषाद और उसका साथी पंकज निषाद दोनों अपराधी प्रवृत्ति के हैं. उन पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं.
चुमेन्द्र पर थाना पुलगांव में आबकारी एक्ट और बीएनएस की धारा 74, 296, 115(2), 351(2) के तहत कई मामले दर्ज हैं.
पंकज निषाद के खिलाफ भी धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट एवं मारपीट के मामले दर्ज हैं. पुलिस ने बताया कि ये दोनों शराब तस्करी के साथ-साथ अवैध कामों में भी शामिल थे.
आरोपी चुमेन्द्र की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार चाकू बरामद किया. वहीं पंकज निषाद से मोबाइल फोन और स्कार्पियो वाहन CG06 E 6666 जब्त किया गया. इन सामग्रियों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया. पुलिस के मुताबिक एक अन्य आरोपी की भी भूमिका सामने आई है. जिसकी तलाश जारी है.
एसपी दुर्ग के मार्गदर्शन में गठित विशेष जांच टीम, थाना पुलगांव और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने इस जटिल हत्याकांड को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई. पुलिस ने लगातार सात महीने तक सबूत जुटाए. वैज्ञानिक जांच की और आख़िरकार आरोपी तक पहुँची.
गिरफ्तार आरोपी
चुमेन्द्र उर्फ लल्ला निषाद, उम्र 23 साल
पंकज उर्फ पवित्र निषाद, उम्र 30 साल
जप्त सामग्री:
मोबाइल – 2 नग
धारदार चाकू – 1 नग
स्कॉर्पियो वाहन – 1 नग
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t