अज्ञात हमलावरों ने युवक पर धारदार हथियार से किया जानलेवा हमला, हालत नाजुक, इलाज जारी, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
Unknown assailants attacked a young man with a sharp-edged weapon, his condition is critical, treatment is ongoing, police are searching for the accused.
धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला ग्राम कोसमर्रा से सामने आया है. जहां तालाब के पास एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया गंभीर रुप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक जालमपुर निवासी लक्की ढीमर शुक्रवार शाम ग्राम कोसमर्रा के तालाब पर हाथ-मुंह धोने गया था. इसी दौरान कुछ अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे. चश्मदीदों के मुताबिक हमलावरों ने पहले उसे जान से मारने की धमकी दी. जब लक्की ने विरोध किया तो आरोपियों ने अचानक धारदार हथियार निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने युवक के पेट और पीठ पर कई वार किया. जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने फौरन घायल युवक को उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों के मुताबिक उसके शरीर पर गहरे जख्म हैं और ज्यादा खून बहने की वजह से उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. चिकित्सकों की टीम उसका लगातार इलाज कर रही है.
वारदात की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ग्रामीणों के मुताबिक हाल के दिनों में क्षेत्र में मारपीट और चाकूबाजी की घटनाएं बढ़ी हैं. जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना पनप रही है. कोसमर्रा और आसपास के गांवों में देर शाम के बाद लोगों का घर से निकलना कम हो गया है. ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश या अन्य कारणों की जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन सहित अन्य तकनीकी सबूतों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. इस वारदात ने एक बार फिर जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. लगातार हो रही हिंसक घटनाओं से आमजन में डर का माहौल है. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की खबर फौरन पुलिस को देने की अपील की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



