अज्ञात वाहन ने युवक को कुचला, शादी के दो साल बाद दर्दनाक हादसे में मौत, 11 महीने की बेटी अनाथ, परिवार में पसरा मातम, जांच में जुटी पुलिस
Young man crushed by unknown vehicle, tragically killed two years after marriage, 11-month-old daughter orphaned, family mourns, police investigate
दुर्ग : दुर्ग जिले में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई. 13 नवंबर की शाम देवेश अग्रवाल उम्र 30 साल स्कूटी से घूमने निकले थे. पोटिया चौक से पुलगांव चौक के बीच शुभम के मार्ट और निरंकारी फर्नीचर के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया. यह मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है.
हादसे के कुछ ही घंटों बाद पुलगांव पुलिस ने उनके परिजनों को हादसे में मौत की खबर दी. देवेश की शादी दो साल पहले हुई थी और उनकी 11 महीने की एक बेटी है. परिजनों ने बताया कि देवेश 13 नवंबर की रात करीब 8 बजे घर से निकले थे. उन्होंने परिवार को बताया था कि वे थोड़ी देर में घूमकर लौट आएंगे. रात 9 बजे के आसपास उनकी परिवार से बातचीत भी हुई थी.
रात 10 बजे जब परिजनों ने उन्हें फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला. फोन नहीं लगने पर परिजन चिंतित हो गए और देवेश को ढूंढने के लिए घर के आसपास और परिचितों से पूछताछ शुरु की. लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली
करीब आधी रात 12 बजे जब परिजन खोजबीन छोड़कर घर लौटे. तभी दुर्ग जिला अस्पताल से पुलगांव थाना पुलिस का फोन आया. पुलिस ने बताया कि देवेश को एक हादसे में घायल हालत में अस्पताल लाया गया है.
परिजन फौरन अस्पताल पहुंचे. जहां पुलिस ने उन्हें देवेश की मौत की पुष्टि की. हादसे में देवेश का सिर बुरी तरह कुचल गया था. जिससे चेहरे से पहचान करना मुश्किल हो रहा था. उनकी पहचान हाथ पर लिखे नाम से सुनिश्चित की गई.
चश्मदीदों के मुताबिक यह हादसा देवेश की स्कूटी शुभम के मार्ट के पास खड़ी मिली. जबकि गाड़ी की चाबी थोड़ी दूरी पर पड़ी थी.
स्कूटी से करीब 300 मीटर दूर देवेश का शव मिला. उन्हें किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया था. चोटें इतनी गंभीर थीं कि उनके हाथ-पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे और सिर में भी गंभीर चोटें आई थीं.
चश्मदीदों का दावा है कि यह घटना शायद लाल रंग की तेज रफ्तार कार ने की. जिसका चालक नशे की हालत में था. बताया जाता है कि वह कार कई लोगों और वाहनों को टक्कर मारते हुए तेज रफ्तार में भाग रही थी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है. जिससे वाहन और आरोपी चालक की पहचान होने की उम्मीद है.
पुलगांव थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है. इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. देवेश के घर में मातम पसरा है. पत्नी और 11 महीने की बेटी के विलाप से घर का माहौल गमगीन है. परिवार ने प्रशासन से आरोपी वाहन चालक की जल्द से जल्द पहचान कर कठोर कार्रवाई की मांग की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



