काम दिलाने के बहाने युवती को 50 हजार में बेचा, पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा सलाखों के पीछे
Young woman sold for ₹50,000 under the pretext of securing a job; police achieve a major breakthrough, arresting three accused—including a woman—and putting them behind bars.
कांकेर/पखांजूर : कांकेर जिले के बांदे थाना क्षेत्र से एक युवती को काम दिलाने का झांसा देकर मध्यप्रदेश ले जाने और कथित तौर पर 50 हजार रुपये में बेचकर उसकी शादी कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मामले का खुलासा उस समय हुआ. जब पुलिस ने करीब पांच महीने से मध्यप्रदेश में रह रही महिला को बरामद किया. पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में जुर्म दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक, बांदे थाना क्षेत्र की एक महिला के पति ने 9 अप्रैल 2026 को थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की और उसके बारे में अलग-अलग स्तर पर जानकारी जुटाई. जांच के दौरान पुलिस को महिला के मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में होने की जानकारी मिली. महिला के मध्यप्रदेश में होने की जानकारी मिलने के बाद बांदे थाना पुलिस की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वहां पहुंचकर उसकी तलाश की.
पुलिस टीम ने लगातार प्रयास के बाद 5 अगस्त 2026 को महिला को बरामद कर लिया. इसके बाद महिला को सुरक्षित वापस लाकर उससे पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिस को जो जानकारी दी. उसके आधार पर मामले में कथित मानव तस्करी और जबरन शादी से जुड़ा पूरा घटनाक्रम सामने आया.
महिला ने पुलिस को बताया कि अनीता पवार, जमना लाल भील और जितेंद्र राठौर ने उसे काम दिलाने का झांसा दिया था. आरोप है कि काम दिलाने के बहाने उसे मध्यप्रदेश ले जाया गया. महिला के मुताबिक वहां पहुंचने के बाद उसे 50 हजार रुपये में जितेंद्र राठौर के पास बेच दिया गया और इसके बाद उसकी शादी करा दी गई.
महिला को करीब पांच महीने तक जितेंद्र राठौर के घर में रखा गया. इस दौरान महिला अपने घर और परिजनों से दूर रही. महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में शामिल बताए जा रहे तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की.
जांच के बाद पुलिस ने अनीता पवार, जितेंद्र राठौर और जमना लाल भील को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. पुलिस इन मोबाइल फोन और अन्य मिले साबुतों की जांच कर रही है. ताकि मामले से जुड़े घटनाक्रम और आरोपियों के बीच संपर्क की जानकारी सामने आ सके. पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143(2), 61(2), 127(4) और 87 के तहत जुर्म दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मामले में पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि महिला को मध्यप्रदेश ले जाने की पूरी प्रक्रिया किस तरह हुई और इसमें अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं. महिला को कथित तौर पर 50 हजार रुपये में सौंपे जाने के आरोप को लेकर भी पुलिस संबंधित तथ्यों और सबूतों को जुटा रही है. जांच में आरोपों की पुष्टि के लिए पुलिस महिला के बयान के साथ-साथ आरोपियों से पूछताछ और अन्य मिले सबूतोंको आधार बना रही है.
इस मामले ने काम दिलाने के नाम पर महिलाओं और युवतियों को दूसरे राज्यों में ले जाने वाले गिरोहों को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है. ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों में कई बार रोजगार या अन्य सुविधाओं का लालच देकर लोगों को दूसरे स्थानों पर ले जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं. ऐसे मामलों में लोगों को किसी अनजान व्यक्ति के भरोसे दूसरे राज्य जाने से पहले पूरी जानकारी जुटाने की जरूरत होती है.
बांदे थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए महिला को बरामद करने के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अब मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. जांच के दौरान अगर किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
कांकेर पुलिस ने आम लोगों से अपील किया है कि अगर किसी व्यक्ति को अपराध या संदिग्ध गतिविधि से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो उसे तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं. पुलिस ने खबर देने के लिए कांकेर पुलिस अपराध हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 जारी किया है. पुलिस का कहना है कि समय पर मिली सूचना से ऐसे मामलों में पीड़ितों को सुरक्षित बचाने और आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में मदद मिल सकती है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?
गिरफ्तार आरोपी:
अनिता पवार (40 वर्ष), निवासी बेलगाल, थाना बांदे, जिला उत्तर बस्तर कांकेर
जितेंद्र राठौर (30 वर्ष), निवासी खंडवा, मध्यप्रदेश
जमना लाल भील (41 वर्ष), निवासी खंडवा, मध्यप्रदेश



