पिकअप ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, राजिम महानदी पुल से नीचे गिरा युवक, अस्पताल में तोड़ा दम, घायल सुनील जैन रायपुर रेफर, लगा लंबा जाम

A pickup truck violently rammed into a motorcycle; a young man fell off the Rajim Mahanadi Bridge and succumbed to his injuries at the hospital. Another injured person, Sunil Jain, was referred to Raipur, and a massive traffic jam ensued.

पिकअप ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, राजिम महानदी पुल से नीचे गिरा युवक, अस्पताल में तोड़ा दम, घायल सुनील जैन रायपुर रेफर, लगा लंबा जाम

रायपुर/अभनपुर/नवापारा : रायपुर जिला में गोबरा नवापारा के महानदी पुल पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. राजिम से नवापारा आ रहे बाइक सवार दो युवकों को पीछे से आ रही पिकअप ने जोरदार टक्कर मारी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक पुल से नीचे गिरे. जिससे उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. यह मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक राजिम निवासी देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा उम्र 55 साल और सुनील जैन बाइक से राजिम से नवापारा की तरफ आ रहे थे. दोनों जैसे ही नवापारा सीमा के पास महानदी पुल पर पहुंचे. उसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सवार अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे. देवेंद्र शर्मा पुल से नीचे जा गिरे. जबकि सुनील जैन पुल पर दूर जा गिरे.
हादसे के बाद आसपास के लोग और राहगीर फौरन मदद के लिए दौड़े. देखते ही देखते घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ लग गई. लोगों ने फौरन पुलिस को हादसे की खबर दी. खबर मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल देवेंद्र शर्मा को नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया. लेकिन गंभीर चोटों के कारण कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई. वहीं हादसे में घायल सुनील जैन को भी अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालात को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया.
महानदी पुल पर लगा लंबा जाम
भीषण हादसे के बाद महानदी पुल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हादसे को देखने के लिए बड़ी तादाद में लोग पुल पर जमा हो गए. जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुल पर यातायात प्रभावित रहा. हादसे की खबर मिलते ही गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया और भीड़ को नियंत्रित करते हुए यातायात व्यवस्था को बहाल कराया.
पिकअप चालक भी हुआ बेहोश
हादसे के बाद पिकअप ड्राइवर भी बेहोश हो गया था। उसे नवापारा सीएचसी में भर्ती कराया गया. चश्मदीदों के मुताबिक ड्राइवर के नशे में होने की बात सामने आई है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. ड्राइवर की पहचान बिशेषर कांवडे, निवासी धमतरी-साकरा के रूप में हुई है. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है. फिलहाल पुलिस हादसे के वजह की जांच शुरू कर दी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?