रायपुर में रिटायर्ड पशु चिकित्सक को डिजिटल अरेस्ट कर ठगों ने वसूले सवा करोड़, FIR के बाद पुलिस ने 55 लाख रुपये कराए होल्ड
In Raipur, fraudsters digitally arrested a retired veterinarian and extorted ₹1.25 crore. After an FIR, the police secured ₹55 lakh.
रायपुर : राजधानी रायपुर में फिर से डिजिटल अरेस्ट का बड़ा मामला सामने आया है. साइबर ठगों ने इस बार रिटायर्ड वेटनरी डॉक्टर (पशु चिकित्सक) को डिजिटल अरेस्ट का शिकार बनाया है. यह मामला विधानसभा थाना पुलिस इलाके का है.
मिली जानकारी के मुताबिक पशु चिकित्सक डा. स्वप्न कुमार सैन से ठगो ने सवा करोड़ रुपए अपने खाते में ऑनलाइन जमा करवाए गए. शिकायत के बाद पुलिस ने 55 लाख रुपए को होल्ड कराने में कामयाबी हासिल की है.
मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर विधानसभा थाना क्षेत्र के रहने वाले रिटायर्ड वेटनरी डॉक्टर स्वप्न कुमार सैन को जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर कॉल किया. उन्होंने डॉक्टर को किसी गंभीर कानूनी मामले में फंसने का डर दिखाया और अगले 10 दिनों तक उन्हें वीडियो कॉल के जरिए डिजिटल अरेस्ट रखा. इस दौरान उन्हें लगातार डराया-धमकाया गया कि अगर उन्होंने कैमरे के सामने से हटने या किसी को बताने की कोशिश की तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
घबराहट में आकर डॉक्टर ने ठगों के बताए मुताबिक अलग-अलग किस्तों में करीब 73 लाख रुपये उनके खातों में ट्रांसफर कर दिए. ठगों की मांग सवा करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी. जब डॉक्टर को ठगी का शक हुआ तो उन्होंने फौरन पुलिस से संपर्क किया. रायपुर की विधानसभा थाना पुलिस और साइबर सेल ने त्वरित एक्शन लेते हुए ठगों के बैंक खातों को ट्रैक किया और 55 लाख रुपये होल्ड करवा दिए.
गौरतलब है कि पिछले साल भी साइबर ठगों ने महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 2.83 करोड़ रुपये ट्रांसफर कराए थे. इससे पहले पिछले साल 12 जुलाई को विधानसभा थाना अंतर्गत ही महिला सोनिया हंसपाल को आरोपियों ने डेढ़ महीने तक डिजिटल अरेस्ट कर उससे 2 करोड़ 83 लाख रुपए की ठगी की थी.
इस मामले में एंटी साइबर एंड क्राइम यूनिट और पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग राज्यों में रेड की कार्रवाई करते हुए ठगी के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया था. पुलिस ने आरोपियों के अकाउंट में 43 लाख रुपए होल्ड कराया था. ठगी करने वाले 4 आरोपियों के साथ ही एक आरोपी आनंद सिंह देवरिया जो कि पंजाब नेशनल बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र का काम देखता है. उसे भी गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने ताजा मामले में भी जल्द ही ठगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



