गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे 35 वर्षीय बॉयफ्रेंड की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान प्रेमी की मौत, दो हत्यारे गिरफ्तार, एक आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस

A 35-year-old boyfriend was brutally beaten while visiting his girlfriend. He died during treatment. Two murderers were arrested, and one suspect was absconding. Police are searching for him.

गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे 35 वर्षीय बॉयफ्रेंड की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान प्रेमी की मौत, दो हत्यारे गिरफ्तार, एक आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस

रायगढ़ : रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में युवक की मारपीट से हुई मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. ट्रांसपोर्ट नगर में हुई इस वारदात में तीन युवकों पर मारपीट का आरोप है. जिसमें गंभीर चोट लगने के बाद शिवा सेठ्ठी की मौत हो गई थी. पुलिस ने दो आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है.
महिला मित्र से मिलने पहुंचा था युवक
मिली जानकारी के मुताबिक 8 सितंबर 2026 की रात रायगढ़ के सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेठ्ठी उम्र 35 साल ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा था. इसी दौरान मोहल्ले के रहने वाले राजू महंत, कृष्णा साव और धन्नू निषाद ने वहां पहुंचकर शिवा से विवाद किया. आरोप है कि तीनों ने मिलकर उसे वहां आने से मना किया और उसके साथ हाथ-मुक्कों तथा लात-घूंसों से जमकर मारपीट की. आरोपियों ने शिवा को जमीन पर पटक-पटककर पीटा. जिससे उसके शरीर में गंभीर बाहरी और अंदरूनी चोटें आईं.
घर पहुंचने के बाद बिगड़ी तबीयत
मारपीट के बाद शिवा किसी तरह वहां से निकलकर अपने दोस्त के पास पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद उसने प्राथमिक उपचार कराया और घर चला गया. लेकिन घर पहुंचने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई. परिजन फौरन उसे जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई चोट
मामले की खबर के बाद पहले थाना कोतवाली में शून्य पर मर्ग कायम किया गया. घटनास्थल जूटमिल थाना क्षेत्र का होने की वजह से आगे की जांच के लिए मामला जूटमिल पुलिस को सौंपा गया. जूटमिल पुलिस ने जांच के दौरान चश्मदीदों और बीच-बचाव करने वाले लोगों के बयान दर्ज किए. गवाहों ने तीनों आरोपियों द्वारा शिवा के साथ मारपीट किए जाने की पुष्टि की. पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मौत की वजह सिर में लगी चोट से हेमरेजिक शॉक बताया. जांच में मारपीट से आई गंभीर चोटों की वजह से मौत होना पाए जाने के बाद 12 सितंबर को जूटमिल थाने में हत्या का जुर्म दर्ज किया गया.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने आरोपियों की तलाश शुरू की. पुलिस को जानकारी मिली कि राजू महंत और कृष्णा साव पहले की एक कार्रवाई में जिला जेल रायगढ़ में बंद थे और रिहा होने वाले हैं. पुलिस टीम ने जेल परिसर के बाहर दोनों आरोपियों को उनके परिजनों के साथ तलब किया और पूछताछ के लिए थाने लेकर आई। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी धन्नू निषाद के साथ मिलकर शिवा सेठ्ठी के साथ मारपीट करना कबूल किया. पुख्ता सबूत मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 12 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. वहीं फरार आरोपी धन्नू निषाद की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
गिरफ्तार आरोपी
1. राजू महंत उर्फ संजय महंत, पिता लोकेश्वर दास महंत उम्र 35 साल निवासी ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल, रायगढ़
2. कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव, पिता सीयाराम साव, उम्र 35 साल निवासी ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल, रायगढ़
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?