5 वर्षीय मासूम की बेरहमी से हत्या, खेत के गड्ढे में बोरी-कंबल में लिपटा मिला शव, शरीर के कई अंग गायब, इलाके में सनसनी, हिरासत में रिश्तेदार वासुदेव

Brutal murder of an innocent 5-year-old child; body found wrapped in a sack and blanket inside a pit in a field, with several body parts missing. The incident has caused a stir in the area; a relative, Vasudev, has been taken into custody.

5 वर्षीय मासूम की बेरहमी से हत्या, खेत के गड्ढे में बोरी-कंबल में लिपटा मिला शव, शरीर के कई अंग गायब, इलाके में सनसनी, हिरासत में रिश्तेदार वासुदेव

जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में थाना सन्ना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. ग्राम लोढ़ेनापाठ के करीब 5 साल के मासूम जितेंद्र राम की हत्या का मामला सामने आने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मासूम का शव ग्राम सन्ना में एक खेत के गड्ढे के अंदर बोरी, कंबल और गोदरी में लिपटा हुआ बरामद किया गया. मामले में पुलिस ने संदेही आरोपी वासुदेव उर्फ टांगनु को हिरासत में लिया है. फिलहाल हत्या की वजह को लेकर पूछताछ जारी है.
5 नवंबर से लापता था मासूम, 7 नवंबर को मिला शव
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम लोढ़ेनापाठ निवासी रामजीत राम ने थाना सन्ना में 7 नवंबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका 5 साल का बेटा जितेंद्र राम 5 नवंबर से लापता है. परिजन लगातार मासूम की तलाश कर रहे थे. इसी बीच 7 नवंबर की सुबह ग्राम सन्ना में बहादुर नाम के व्यक्ति के खेत में बने एक गड्ढे में बालक का शव बरामद हुआ. शव बोरी, कंबल और गोदरी में लिपटा हुआ था. चौकाने वाली बात ये है कि बच्चे के कई अंग भी गायब हैं.
हत्या का जुर्म दर्ज
वारदात की खबर मिलते ही थाना सन्ना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की. हत्या का जुर्म  पाए जाने पर अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 137(1)(ख) एवं 238(क) में जुर्म दर्ज कर मामला जांच में लिया गया. पुलिस ने मौके का मुआयना कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम कराया.
मृतक के पिता का रिश्तेदार संदेही आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही आरोपी वासुदेव उर्फ टांगनु, निवासी गोरियापाठ चलनी, थाना सन्ना को हिरासत में लिया है. शुरूआती पूछताछ में सामने आया है कि संदेही आरोपी और मृतक के पिता आपस में ममेरे भाई हैं.
फिलहाल पुलिस आरोपी से हत्या के संभावित कारणों सहित घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में डिटेल जानकारी अलग से साझा की जाएगी. फिलहाल 5 साल के मासूम की हत्या के पीछे की असल वजह सामने आना बाकी है, पुलिस की जांच और पूछताछ पर पूरे इलाके की नजरें टिकी हुई हैं.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb