तेज रफ्तार माजदा की ट्रैक्टर से आमने-सामने जोरदार टक्कर, दर्दनाक हादसे में एक की मौत, तीन घायल, परिवार में पसरा मातम
A high speed Mazda collided head on with a tractor, one died and three were injured in the tragic accident, the family is in mourning
गरियाबंद/फिंगेश्वर : गरियाबंद जिले के राजिम मुख्य मार्ग पर बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. फिंगेश्वर के बोरसी गांव के पास एक तेज रफ्तार माजदा और पत्थर से भरे ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि माजदा वाहन के परखच्चे उड़ गए और इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रुप से घायल हो गए. उसमें सवार चार लोग बुरी तरह फंस गए.
मिली जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार माजदा वाहन राशन सामग्री लेकर राजिम से फिंगेश्वर की तरफ जा रहा था. वहीं फरसी पत्थर से लदा ट्रैक्टर सामने से बोरसी की तरफ आ रहा था. ग्राम बोरसी के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भयंकर थी कि माजदा वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसके चालक नंदकुमार उर्फ मोंटू यादव की मौके पर ही मौत हो गई. बाकी तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
इस हादसे के बाद नंदकुमार का शव वाहन में बुरी तरह फंस गया. जिसे फिंगेश्वर पुलिस ने गैस कटर और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला. इस हादसे में माजदा सवार पवन हलबा, संजू मरकाम (हेल्पर) और ट्रैक्टर चालक गंभीर रुप से घायल हो गए. घायलों को फौरन फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. जहां से उनकी हालत नाजुक होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया.
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और वहां भीड़ इकट्ठा हो गई. हादसे की वजह से राजिम मुख्य मार्ग पर घंटों तक जाम की हालत बनी रही. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को कंट्रोल किया और धीरे-धीरे आवागमन बहाल कराया.
फिंगेश्वर थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी गई है. तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना इस हादसे की असल वजह मानी जा रही है. हादसे का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. जिसे देख हर कोई सहम गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



