छत्तीसगढ़ का ‘सेवा सेतु’ बना डिजिटल सुशासन का माध्यम, जाति-निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से लेकर 441 सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध
Chhattisgarh's 'Seva Setu' has become a medium of digital good governance, providing 441 services ranging from caste-residence, birth-death certificates on a single platform.
रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार का ‘सेवा सेतु’ पोर्टल प्रदेश में डिजिटल सुशासन को नई दिशा देने वाला मंच बनकर उभर रहा है. इस पोर्टल के जरिए अब नागरिकों को 441 से ज्यादा सरकारी सेवाएं एक ही ऑनलाइन मंच पर मुहैया कराई जा रही हैं. इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलने और सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित होने की उम्मीद है.
राज्य शासन के मुताबिक पहले ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के जरिए सिर्फ 86 सेवाएं उपलब्ध थीं. बाद में इसका विस्तार करते हुए इसे ‘सेवा सेतु’ पोर्टल के रूप में विकसित किया गया. ताकि कई विभागों की सेवाओं को एकीकृत और पारदर्शी तरीके से ऑनलाइन उपलब्ध कराया जा सके.
सरकार की योजना डिजिटल सेवाओं की पहुंच को पंचायत स्तर तक मजबूत करने की है. इसके लिए पंचायत सचिवों, सेवा सेतु केंद्र संचालकों और विभागीय कर्मचारियों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जा रहा है. साथ ही गांव-गांव तक योजनाओं और ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी पहुंचाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं.
‘सेवा सेतु’ पोर्टल पर आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भू-अभिलेख संबंधी सेवाएं, नाम संशोधन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े आवेदन तथा श्रम और राजस्व विभाग की कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.
ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी इस पहल से विशेष लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. अब ग्राम पंचायत स्तर पर विवाह प्रमाण पत्र, भवन अनुज्ञा, स्ट्रीट लाइट सुधार, साफ-सफाई व्यवस्था और नाम परिवर्तन जैसी सेवाओं के लिए भी ऑनलाइन आवेदन संभव होगा.
राज्य सरकार ने इस पोर्टल को व्हाट्सएप आधारित सुविधा से भी जोड़ा है. जिससे नागरिक घर बैठे आवेदन की स्थिति और विभिन्न सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे. सरकार का मानना है कि इससे ग्रामीण नागरिकों को तहसील और जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक पारदर्शी तथा सुगम बनेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t
मोबाइल एप्लीकेशन की लिंक
https://play.google.com/store/apps/details?id=com.info.sevasetu&hl=hi&pli=1



