बारात में नाचने पर विवाद, चाकू से जानलेवा हमला, मचा हड़कंप, एक नाबालिग समेत दो फरार आरोपी गिरफ्तार, पहले पकड़े जा चुके दो बदमाश

Dispute over dancing in a wedding procession, deadly knife attack, commotion, two absconding accused including a minor arrested, two criminals already arrested

बारात में नाचने पर विवाद, चाकू से जानलेवा हमला, मचा हड़कंप, एक नाबालिग समेत दो फरार आरोपी गिरफ्तार, पहले पकड़े जा चुके दो बदमाश

जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले में बारात के दौरान नाचने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रुप ले लिया. जिसमें चाकू से जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में  सोमवीर उर्फ सुमबीर यादव उम्र 20 साल और एक नाबालिग शामिल है. यह कार्रवाई सारागांव थाना पुलिस द्वारा की गई.
मिली जानकारी के मुताबिक 10 फरवरी को शाम ग्राम अफरीद में एक बारात समारोह में पीड़ित गौरव बरेठ अपने दोस्तों के साथ बारात में शामिल होने पहुंचा था. इसी दौरान ग्राम बोरसी से आए कुछ बारातियों के साथ नाचने को लेकर कहासुनी हो गई. शुरु में मामूली विवाद समझे जा रहे इस घटनाक्रम ने देखते ही देखते उग्र रुप ले लिया.
चश्मदीदों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गौरव बरेठ और उसके साथी सागर बरेठ पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को इलाज के लिए बिलासपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (आईपीएस) के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच तेज की गई. पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर सबूत जुटाए और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरु की. जांच के दौरान घायल गौरव बरेठ का बयान बिलासपुर के अस्पताल में कार्यपालिक दंडाधिकारी के सामने दर्ज किया गया. जिससे मामले में अहम तथ्य सामने आए.
पुलिस ने पूर्व में दो आरोपियों अमर यादव और अमीर यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था. वहीं, घटना के बाद से फरार चल रहे सोमवीर उर्फ सुमबीर यादव और एक नाबालिग की तलाश लगातार जारी थी. हाल ही में पुलिस को आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली. जिस पर सारागांव थाना पुलिस ने दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया.
पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली. इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तारी कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरु की. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 191(2), 191(3), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है.
अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों और सबूतों की भी जांच की जा रही है. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. जबकि पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की बात कही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB