छत्तीसगढ़ में कागजों पर 76 करोड़ का कारोबार, GST विभाग ने फर्जी बिलिंग रैकेट का किया भंडाफोड़, ट्रेड लिंक का संचालक आदेश्वर चौरड़िया गिरफ्तार
GST Department busts a fake billing racket involving a turnover of ₹76 crore on paper in Chhattisgarh; Aadeshwar Chauradiya, operator of 'Trade Link', arrested.
राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में राज्य GST विभाग ने फर्जी बिलिंग और टैक्स चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है. जांच में सामने आया है कि मैसर्स आदेश्वर ट्रेड लिंक नाम की फर्म ने करीब 6 महीने में 76 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कागजों में दिखाया. जबकि वास्तविक लेन-देन के कोई ठोस साबुत नहीं मिले. इस मामले में फर्म के संचालक आदेश्वर चौरड़िया को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें 14 दिनों की कस्टोडियल रिमांड पर भेजा गया.
जांच के मुताबिक फर्म द्वारा दिखाए गए कारोबार के आधार पर करीब 8.22 करोड़ रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) ली गई थी. जिसे विभाग ने संदिग्ध पाया है. अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से शासन को बड़े पैमाने पर राजस्व नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई.
शुरुआती जांच में यह सामने आया कि फर्म ने पश्चिम बंगाल की कुछ संदिग्ध कंपनियों से आयरन और स्टील की खरीद के नाम पर करोड़ों रुपये के बिल प्राप्त किए थे. लेकिन वास्तविक माल की आपूर्ति या परिवहन के कोई सबूत नहीं मिले. ई-वे बिल, ट्रांसपोर्ट दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड भी इस लेन-देन की पुष्टि नहीं कर सके. GST विभाग के मुताबिक यह पूरा मामला सिर्फ कागजी बिलिंग और फर्जी ITC नेटवर्क से जुड़ा हुआ मालूम होता है.
जहां कुछ फर्म सिर्फ बिल जारी करने और टैक्स क्रेडिट पास करने के मकसद से संचालित की जा रही थीं. जांच में यह भी सामने आया कि कई सप्लायर फर्मों के GST पंजीयन पहले ही निरस्त किए जा चुके हैं और उनके वास्तविक कारोबार का कोई प्रमाण नहीं मिला. अधिकारियों ने बताया कि यह मामला एक संगठित फर्जी बिलिंग नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है. जिसमें एक से ज्यादा राज्यों की फर्में शामिल हैं. बैंक खातों, ई-वे बिल, परिवहन रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच जारी है.
शुरुआती जांच में कई अन्य व्यक्तियों और फर्मों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है. विभाग ने साफ किया कि ईमानदार करदाताओं के हितों की रक्षा उसकी प्राथमिकता है और फर्जी बिलिंग और टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. मामले की जांच आगे बढ़ने पर और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



