नाबालिग ने साथ चलने से किया इंकार, युवक ने जान से मारने की धमकी देकर किया हमला, इलाज जारी, चंद घंटे में आरोपी जिनेन्द्र गिरफ्तार
Minor refused to accompany him; youth attacked her after threatening to kill her; treatment is underway; accused Jinendra arrested within a few hours.
राजनांदगांव : राजनांदगांव जिले के तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी क्षेत्र में 17 साल के नाबालिग लड़के पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने कथित तौर पर युवक को अपने साथ चलने के लिए कहा था. युवक द्वारा साथ जाने से मना करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के हाथ में चोट आई है.
गौठान के पास बैठा था नाबालिग
मिली जानकारी के मुताबिक 27 अगस्त 2026 को ग्राम तुमड़ीबोड़ रामनगर निवासी गोविंद बांधे पिता फगुवा बांधे ने पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका 17 साल का बेटा रामनगर गौठान के पास बैठा हुआ था. इसी दौरान आरोपी जिनेन्द्र पाल कोरे उम्र 22 साल निवासी ग्राम तुमड़ीबोड़ वार्ड नंबर नम्बर 6, वहां पहुंचा आरोपी ने नाबालिग युवक से अपने साथ चलने के लिए कहा. युवक ने जब उससे पूछा कि कहां जाना है और साथ जाने से मना कर दिया. तो आरोपी कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा.
जान से मारने की धमकी देकर किया हमला
विवाद के दौरान आरोपी ने युवक को जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद उसने अपने पास रखे चाकू से युवक पर हमला कर दिया. चाकू के वार से युवक के हाथ में चोट आई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घायल युवक ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. परिजन उसे लेकर फौरन इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज जारी है. परिजन पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई.
चंद घंटे में आरोपी गिरफ्तार
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने जुर्म दर्ज किया और पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी शुरु की. इस मामले में आरोपी के साथ दो नाबालिगों ने भी साथ दिया था. वारदात के बाद कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी जिनेन्द्र पाल कोरे और दो नाबालिग लड़कों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर जब्त कर लिया. आरोपी के खिलाफ पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ में अपराध क्रमांक 370/2026 दर्ज किया गया है. मामले में धारा 296, 118(1), 351(3) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद अदालत के सामने पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
आदतन बदमाश है आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी जिनेन्द्र पाल कोरे का नाम तुमड़ीबोड़ क्षेत्र के गुंडा-बदमाश रिकॉर्ड में दर्ज है. उसके खिलाफ पहले भी मारपीट, चाकूबाजी और चोरी से संबंधित कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है. पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है. वहीं, नाबालिग युवक के साथ हुई चाकूबाजी की वारदात के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है.



