नेशनल हाईवे में ओवरब्रिज बना पार्टी स्पॉट, शराब के नशे में केक काटते युवती समेत चार आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, कार जब्त
National Highway overbridge becomes party spot, police arrest four accused including a woman who was cutting a cake under the influence of alcohol, car seized
बिलासपुर : संबलपुर ओवरब्रिज पर राजकिशोर क्षेत्र में रहने वाली युवती अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर केक काट रही थी. इसकी खबर मिलते ही सकरी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर युवती और तीन युवकों को हिरासत में लिया. जांच में चारों शराब के नशे में पाए गए. पुलिस ने युवती और युवकों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की है. मौके पर मौजूद कार को भी जब्त किया गया. यह मामला बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र का है.
सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी ने बताया कि रविवार की रात करीब 12 बजे खबर मिली कि कुछ लोग संबलपुर ओवरब्रिज के उपर कार में रखकर केक काट रहे हैं. इस पर पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी. ओवरब्रिज के उपर काले कलर की कार को सड़क पर खड़ी कर तीन युवक और एक युवती केक काट रहे थे. पुलिस ने मौके से कोरबा के गोकुल नगर में रहने वाले निहाल सांडिल्य उम्र 22 साल, अतुल वर्मा उम्र 21 साल कोरबा के नेहरू नगर निवास प्रियांशु चौरासिया उम्र 19 साल को पकड़ लिया. उनके साथ राजकिशोर नगर में रहने वाली 19 साल की युवती भी मौजूद थी.
पूछताछ में युवकों ने बताया कि निहाल का बर्थ डे होने पर सभी केक काटने के लिए आए थे. जांच में युवती और युवक शराब के नशे में मिले. पुलिस ने आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 285, 3(5) और मोटर व्हीकल एक्ट 185 के तहत कार्रवाई की है. आरोपित की कार को पुलिस ने जब्त किया.
हाईकोर्ट ने सड़क पर अवरोध उत्पन्न करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. कुछ एक मामलों में कोर्ट ने राज्य शासन को दिशा निर्देश दिए हैं. इसके बाद से पुलिस की तरफ़ से इस तरह की शिकायत मिलते ही कड़ी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही लगातार जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है. सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि सड़क पर अवरोध उत्पन्न करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



