जमानत के नाम पर मांगे एक लाख, नहीं दिए तो मर्डर की धमकी, चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर श्मशान घाट में तांत्रिक क्रिया, चार आरोपी गिरफ्तार
One lakh rupees demanded for bail; murder threat issued upon refusal; Tantric rituals performed at a cremation ground using a photograph of the Chief Justice; four accused arrested.
बिलासपुर/तोरवा : छत्तीसगढ़ बिलासपुर शहर के तोरवा क्षेत्र के एक युवक के जेल में बंद भाई की जमानत में खर्च हुए 1 लाख रुपए की भरपाई के लिए परिवार से रुपए मांगने और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. आरोपियों ने परिवार को डराने के लिए तंत्र पूजा कराई. मामले में तोरवा पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक दयालबंद निवासी ओम बोले का भाई प्रियांशु बोले तोरवा थाने के एक आपराधिक मामले में आरोपी है. उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई हो चुकी है. आरोप है कि ओम अपने साथियों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए प्रियांशु की कोर्ट से जमानत कराने में खर्च हुए 1 लाख रुपए की मांग की. रुपए नहीं देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई.
परिवार को डराने के लिए ओम ने सीपत के देवरी गांव स्थित श्मशान में तंत्र पूजा कराई. और श्मशान घाट में छत्तीसगढ़ बिलासपुर हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा समेत तीन अन्य लोगों की फोटो रखी गई थी. ग्रामीणों की खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस को देखकर ओम समेत दो साथी भाग निकले थे. तांत्रिक क्रिया कर रहा ऋषिकेश कुमार पकड़ा गया.
पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने जांच के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. ओम बोले उम्र 23 साल निवासी गुरुद्वारा दयालबंद, तरुण बजाज उम्र 27 साल निवासी तोरवा, मो. इसरार उम्र 22 साल निवासी तोरवा और ऋषिकेश कुमार उम्र 28 साल निवासी जगमल चौक तोरवा शामिल हैं.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गाली-गलौज, धमकी और टोनही प्रताड़ना समेत संबंधित धाराओ में जुर्म दर्ज किया है. चारों को कोर्ट में पेश करने के बाद ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



