मृत जमीन मालिक की जगह पर किसी और को खड़ा कर बनवा लिया पावर ऑफ अटॉर्नी, बेचने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
Power of attorney was obtained by placing someone else in the place of the deceased landowner, attempting to sell the land; accused arrested, one absconding
जशपुर : जमीनों का फर्जीवाड़ा रुकने का नाम नहीं ले रहा है. यहां अक्सर जाली दस्तावेजों के जरिये जमीनों की खरीद-बिक्री के मामले सामने आते रहते हैं. ऐसे ही एक मामले जशपुर जिले में सामने आया. जहां 10 साल पहले स्वर्गवासी हो गए ग्रामीण की जगह पर दूसरे को खड़ा कर दस्तावेज तैयार कर लिए गए. मगर जमीन बेचने से पहले ही फर्जीवाड़ा उजागर हो गया.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी महेश राम, पिता स्व. सोमरा राम, उम्र 58 साल, निवासी ग्राम गम्हरिया थाना सिटी कोतवाली जशपुर द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक शिकायत पत्र दिया गया था. साथ ही न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कुनकुरी न्यायालय में परिवाद दायर किया गया था. जिसमें प्रार्थी महेश राम ने बताया था कि उसके पिता स्व सोमरा राम की मौत वर्ष 2014 में ही हो गई थी. उसके पिता के नाम पर जशपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम गम्हरिया में कृषि भूमि स्थित है. जिसकी ऋण पुस्तिका व भू अभिलेख की द्वितीय प्रति को भू माफियाओं क्रमशः आनंद खलखो, निवासी सरना टोली जशपुर, जितेन्द कुमार शर्मा, निवासी दरबारी टोली जशपुर, रामलाल निवासी ग्राम जुरगुम, जशपुर के द्वारा, फर्जी तरीके से बनवा लिया गया है. और वर्ष 2023 में उसके मृत पिता की तरफ से जाली दस्तावेज तैयार कर जमीन की बिक्री के लिए पॉवर ऑफ अटर्नी, उप पंजीयक कार्यालय कुनकुरी से बनवा लिया गया है.
इस मामले में अदालत के द्वारा परिवाद के बारे में आरोपियों के खिलाफ थाना कुनकुरी को जुर्म दर्ज कर जांच करने के लिए आदेशित किया गया. जिसके बाद पुलिस के द्वारा 23 सितम्बर 2025 को आरोपियों के खिलाफ थाना कुनकुरी में भादवि की धारा 420,467,468,471 व 120(बी) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच में लिया गया.
पुलिस के द्वारा मामले में जांच में पाया गया कि मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर प्रार्थी महेश राम के पिता स्व.सोमरा राम की मौत वर्ष 2014 में ही हो गई थी. भू माफियाओं आनंद खलखो, जितेन्द्र कुमार शर्मा , रामलाल के द्वारा एक अन्य आरोपी अघनू राम, निवासी टंगरा टोली जशपुर के साथ मिलकर, प्रार्थी के पिता की गम्हरिया जशपुर स्थित कृषि भूमि की ऋण पुस्तिका व भू अभिलेख की द्वितीय प्रति बनवा ली गई.
जिसके आधार पर भू माफिया, पहले उप पंजीयक कार्यालय जशपुर में ही स्व सोमरा राम की ओर से जमीन खरीदी बिक्री के लिए, पॉवर ऑफ अटर्नी लेने का प्रयास कर रहे थे. लेकिन वहां कामयाब नहीं होने पर, उनके द्वारा 3 नवम्बर 2023 को उप पंजीयक कार्यालय कुनकुरी में सोमरा राम के नाम से फर्जी आधार कार्ड तैयार कर, जिसमें नाम तो सोमरा राम का था लेकिन फोटो आरोपी अघनू राम का था. उप पंजीयक कार्यालय में आरोपी अघनू राम ही सोमरा राम बनकर पेश हुआ था. पॉवर ऑफ अटॉर्नी संबंधी दस्तावेजों में सोमरा राम के नाम से फर्जी दस्तखत कर आरोपी आनंद खलखो के नाम से जमीन खरीदी बिक्री क्र लिए पॉवर ऑफ अटॉर्नी दिया गया था.
मामले में पुलिस के द्वारा कार्यवाही करते हुए तत्काल भू माफिया आरोपी जितेंद्र कुमार शर्मा और अघनू राम को हिरासत में ले लिया गया. और उनके आधार कार्ड को भी जप्त किया गया. मामले में पुलिस की जांच जारी है.
पुलिस की पूछताछ पर दोनों आरोपियों ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 2 नवम्बर 2023 को आरोपी आनंद खलखो व रामलाल के द्वारा जमीन के दस्तावेज लेकर आरोपी जितेंद्र कुमार शर्मा के पास आया गया थाऔर उसे रुपए का लालच देकर पॉवर ऑफ अटर्नी के लिए काम कराने के लिए बोले. तब रुपयों की लालच में आरोपी जितेंद्र कुमार शर्मा के द्वारा आनंद खलखो और रामलाल के साथ मिलकर उप पंजीयक कार्यालय जशपुर में पॉवर ऑफ अटर्नी संबंधी कार्य कराने का प्रयास किया गया. लेकिन वहां काम नहीं बनने पर उनके द्वारा मृतक सोमरा राम के नाम से जाली आधार कार्ड बनवाया गया. जिसमें फोटो आरोपी अघनू राम का लगा हुआ था. फिर उनके द्वारा आरोपी अघनू राम को, सोमरा राम बताकर, उप पंजीयक कार्यालय कुनकुरी जाकर, अघनू राम के द्वारा, सोमरा राम बनकर, आरोपी आनंद खलखो के नाम से पॉवर ऑफ अटर्नी दिया गया. मामले में आरोपी आनंद खलखो व रामलाल फरार है. जिसकी पुलिस पता साजी कर रही है. जिन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
आरोपियों क्रमशः जितेंद्र कुमार शर्मा, उम्र 34 वर्ष, निवासी दरबारीटोली, जशपुर, अघनु राम, उम्र 58 वर्ष निवासी टंगरा टोली जशपुर, जिला जशपुर (छ.ग) के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है.
मामले की कार्यवाही व आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव, उप निरीक्षक राकेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, आरक्षक चन्द्र शेखर बंजारे, व प्रवीण टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जालसाजी कर, मृत व्यक्ति की ओर से फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर, जमीन की पॉवर ऑफ अटर्नी लेने के मामले में पुलिस ने दो भू माफियाओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, दो आरोपी फरार है. जिनकी पतासाजी जारी है, उन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



