भाजपा कार्यकर्ता समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, हाईटेक ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश, मोबाइल ऐप से USDT तक फैला खेल, डिजिटल सबूत जब्त
Six accused, including a BJP worker, arrested; high-tech online betting network busted; operations spanned from mobile apps to USDT transactions; digital evidence seized.
रायपुर : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में पुलिस ने हाईटेक ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. साइबर थाना पुलिस ने BDG ऑनलाइन सट्टा ऐप के जरिए कथित तौर पर सट्टा कारोबार चलाने वाले मुख्य एडमिन समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जांच में WhatsApp चैट, सट्टा ऐप की आईडी, स्क्रीनशॉट और डिजिटल लेन-देन के अहम सबूत मिले हैं. आरोपियों के खातों में 30 लाख रुपये से ज्यादा के लेन-देन की जानकारी सामने आई है. जबकि USDT के जरिए डिजिटल करेंसी में पैसों के आदान-प्रदान के सबूत भी मिले हैं.
साइबर जागृति के बीच खुला सट्टे का नेटवर्क
जांजगीर-चांपा साइबर थाना पुलिस को BDG ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी मिली थी. पुलिस पहले से ही साइबर जागृति कार्यक्रम के तहत लोगों को ऑनलाइन सट्टा, जुआ और संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने से बचने के लिए जागरूक कर रही है. इसी दौरान मिली खबर के आधार पर पुलिस ने नेटवर्क की जांच शुरु की.
मुखबीर की खबर ने खोली पहली कड़ी
पुलिस को खबर मिली कि न्यू चंदनियापारा लिंक रोड निवासी हेमलाल यादव उर्फ सोनू मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है. खबर की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए हेमलाल को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने BDG नामक ऑनलाइन सट्टा गेम खेलने और उससे जुड़े नेटवर्क की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस के मुताबिक हेमलाल ने बताया कि उसे सट्टे की आईडी शैलेंद्र कुमार शर्मा उर्फ शैलू से मिली थी.
नेटवर्क मार्केटिंग की तर्ज पर चलता था खेल
जांच में पुलिस को कथित तौर पर ऐसा नेटवर्क मिला. जो नेटवर्क मार्केटिंग की तर्ज पर संचालित किया जा रहा था. पुलिस के मुताबिक मुख्य एडमिन शैलेंद्र WhatsApp के जरिए BDG ऑनलाइन सट्टा ऐप की मास्टर आईडी और लिंक दूसरे लोगों तक पहुंचाता था. इसके बाद नए लोगों को नेटवर्क से जोड़ा जाता और उन्हें ऑनलाइन सट्टा खेलने के लिए आईडी उपलब्ध कराई जाती थी. नेटवर्क में नीचे के स्तर पर नए लोगों को जोड़ने वाले एडमिन को कमीशन मिलता था. वहीं उसके नेटवर्क में शामिल व्यक्ति जितना सट्टा खेलता था, उसके आधार पर ऊपर के एडमिन को भी कमीशन मिलने की जानकारी जांच में सामने आई.
टेक्निकल जांच से मुख्य एडमिन तक पहुंची पुलिस
हेमलाल के मेमोरेंडम और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शैलेंद्र कुमार शर्मा उर्फ शैलू को हिरासत में लिया. पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने महेश प्रसाद राठौर, राकेश कुमार राठौर, दुर्गेश कुमार राठौर और हीरालाल यादव को भी गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच की. इनमें ऑनलाइन सट्टा ऐप की आईडी, स्क्रीनशॉट, WhatsApp चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिलने की बात पुलिस ने कही है.
करीब 20 लाख का सट्टा खेलने का दावा
मुख्य एडमिन शैलेंद्र अब तक करीब 20 लाख रुपये का ऑनलाइन सट्टा खेल चुका था. जांच में यह भी सामने आया कि उसने लिंक के जरिए कई अन्य लोगों को कथित सट्टा नेटवर्क से जोड़ा था. पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसकी पहुंच की भी जांच कर रही है.
30 लाख से ज्यादा के लेन-देन ने बढ़ाई जांच
ऑनलाइन सट्टे के पैसों के लेन-देन में डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल के सबूत पुलिस को मिले हैं. जांच के दौरान WhatsApp चैट के अलावा USDT यानी क्रिप्टो डिजिटल करेंसी के जरिए से पैसों के आदान-प्रदान की जानकारी सामने आई है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों के बैंक खातों में 30 लाख रुपये से ज्यादा के लेन-देन के प्रमाण मिले हैं. बरामद डिजिटल सबूतों के आधार पर पुलिस दूसरे राज्यों से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है.
6 आरोपी गिरफ्तार, डिजिटल सबूत जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्मार्टफोन, ऑनलाइन सट्टा ऐप की आईडी, स्क्रीनशॉट, WhatsApp चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं. जांच एजेंसी अब इन डिजिटल सबूतों के जरिए नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और दूसरे राज्यों से संभावित कनेक्शन की पड़ताल कर रही है.
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 और BNS की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया है. सभी आरोपियों को अदालत के सामने पेश किया गया है. पुलिस अब बरामद डिजिटल सबूतों और लेन-देन की जानकारी के आधार पर नेटवर्क की आगे की कड़ियों की जांच कर रही है.
पुलिस की ऑनलाइन सट्टेबाजों को दो टूक
जांजगीर-चांपा पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन सट्टा, जुआ और ऐप आधारित वित्तीय धोखाधड़ी के झांसे में नहीं आने की अपील की है. पुलिस ने खास तौर पर संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड नहीं करने और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी है. पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टे में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
गिरफ्तार आरोपी
मुख्य एडमिन समेत 6 आरोपी
हेमलाल यादव उर्फ सोनू, उम्र 47 साल — न्यू चंदनियापारा लिंक रोड, जांजगीर
शैलेंद्र कुमार शर्मा उर्फ शैलू, उम्र 45 साल — शंकर विहार कॉलोनी, लिंक रोड, जांजगीर — मुख्य एडमिन
महेश प्रसाद राठौर उर्फ मुकेश, उम्र 47 साल — न्यू चंदनियापारा, जांजगीर भाजपा कार्यकर्ता
राकेश कुमार राठौर उर्फ पप्पू, उम्र 45 साल — अकलतरा रोड, जांजगीर
दुर्गेश कुमार राठौर उर्फ मनु, उम्र 45 साल — पुराना चंदनियापारा लिंक रोड, जांजगीर
हीरालाल यादव, उम्र 47 साल — न्यू चंदनियापारा लिंक रोड, जांजगीर
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



