ट्रेलर ने मायके जा रही स्कूटी सवार को रौंदा, गर्भवती आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत, पति-बच्चा घायल, मुआवजे की मांग, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
Trailer crushes scooter rider on her way to her parents' home, pregnant Anganwadi worker dies, husband and child injured, demand for compensation, angry villagers block road
रायगढ़ : रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार गर्भवती आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि उसके पति और मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. यह हादसा भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के सिंघनपुर गांव के पास हुआ है.
मिली जानकारी के मुताबिक भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघनपुर के पास कोयला लोड ट्रेलर नम्बर CG13 AD 2483 के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटी सवार गर्भवती उमा राठिया की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं उनके पति टीकाराम राठिया और साथ में मौजूद मासूम बच्चा गंभीर रुप से घायल हो गए.
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने एंबुलेंस को खबर दी. जिसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. उमा राठिया आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं और सुबह अपने पति और बच्चे के साथ स्कूटी से अपने गांव सिंघनपुर लौट रही थीं. तभी यह हादसा हो गया.
दर्दनाक हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताई. चक्काजाम के कारण सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई.
खबर मिलते ही भूपदेवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है. हादसे के बाद ट्रेलर चालके मौके से फरार है. मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है. और मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



