शिव महापुराण कथा कार्यक्रम में विवाद, आदिवासी समाज को जातिसूचक गाली देने का आरोप, जनपद सदस्य पर FIR, गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोश
Controversy erupts during the Shiva Mahapuran Katha program, accusations of casteist abuse against tribal communities, FIR against district council member, and outrage over calls for arrest.
बिलासपुर : बिलासपुर जिला में सीपत क्षेत्र के ग्राम हरदाडीह में आयोजित शिव महापुराण कथा कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है. मस्तूरी जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 8 के जनपद सदस्य रेवा शंकर साहू और उनके साथी रांक निवासी प्रदीप राठौर के खिलाफ आदिवासी समाज ने गंभीर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है. गुरुवार को बड़ी तादाद में समाज के लोग सीपत थाने पहुंचे और थाना प्रभारी राजेश मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.
शिकायतकर्ता धर्मजीत नेताम उम्र 19 साल ने बताया कि 15 अप्रैल को दोपहर करीब 1 बजे वह गांव के अन्य युवकों के साथ बैठा था. तभी आरोपियों ने उस पर भांजी के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया. आरोप है कि गाली-गलौज के साथ आरोपियों ने लात-घूंसे और चप्पल से मारपीट की. जिससे उसे चोटें आईं. साथ ही परिवार को जला देने जैसी जान से मारने की धमकी भी दी गई.
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान गोड़ समाज के लोगों को जजमानी में बैठने से रोका गया. जिससे समाज में आक्रोश और बढ़ गया. घटना के दौरान गांव के कई लोग मौके पर मौजूद थे. जिन्हें साक्ष्य के रुप में बताया गया है
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) सहित अन्य धाराओं और अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 (संशोधित 2015) की धारा 3(1)(द), 3(1)(घ), 3(5) के तहत जुर्म दर्ज किया है. FIR क्रमांक 0228, दिनांक 16 अप्रैल 2026 को थाना सीपत में दर्ज किया गया है.
आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस को चेतावनी दी है कि अगर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि सबूतों के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



