रॉन्ग साइड से ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, शादी की 25वीं सालगिरह समारोह से लौट रहे 4 लोगों की मौत, एक गंभीर, पसरा मातम
Trailer hits Scorpio from the wrong side, four people returning from a 25th wedding anniversary celebration killed, one seriously injured, mourning spreads.
बिलासपुर : बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में कल देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं. रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि एक व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गया. घायल को फौरन सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसका इलाज जारी है। इस घटना के हादसे का खौफनाक मंजर सीसीटीवी में कैद हो गया. जिसमें साफ देखा जा सकता है कि रांग साइड से आ रहे ट्रेलर हादसे की वजह बना और चार लोगों की मौत हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे ट्रेलर नम्बर CG11 BD 9044 रतनपुर की तरफ से रायपुर जा रहा था. इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर अचानक रॉन्ग साइड में पहुंच गया. सामने से आ रही स्कॉर्पियो नम्बर CG04 MQ 4220 से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर ने पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी अपनी चपेट में लेते हुए पलटी मार दी.
हादसे के बाद स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के भीतर फंस गए. खबर मिलते ही सकरी पुलिस, डायल-112 और राहत टीम मौके पर पहुंची। गैस कटर की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया. लेकिन तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी.मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे (37) निवासी कुवागांव, विशाल लहरें (25), अनमोल लहरें (14) निवासी बिरगहनी जिला मुंगेली और सोनू मिरी (28) निवासी कोटा के रुप में हुई है. वहीं प्रकाश रात्रे गंभीर रुप से घायल हैं.
बताया जा रहा है कि सभी लोग यादव ढाबा में आयोजित पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह समारोह से लौट रहे थे. घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है. पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. यह हादसा हाईवे पर लापरवाह और तेज रफ्तार ड्राइविंग के खतरों की गंभीर चेतावनी बनकर सामने आया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



