पटवारी ऑफिस में घुसकर जमकर मारपीट, कलेक्टर ने लिया सख्त एक्शन, एक साल के लिए भाजपा नेता को किया जिलाबदर, 6 जिलों में जाने पर लगाई रोक
Violent assault inside the Patwari's office; Collector takes strict action, banishing a BJP leader from the district for one year and prohibiting entry into six districts.
सरगुजा : छत्तीसगढ़ सरगुजा में पटवारी कार्यालय में घुसकर पटवारी से मारपीट करने वाले भाजपा नेता को सरगुजा कलेक्टर व जिला दंडाधिकारी अजीत वसंत ने एक साल के लिए जिलाबदर कर दिया है. उसे सरगुजा सहित छह जिलों की सीमा में रहने पर बैन कर दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक जितेंद्र कुजूर उर्फ मोनू कुजूर ग्राम सोहगा दरिमा का रहने वाला है. वह फिटनेस ट्रेनर भी है और दरिमा मंडल में भाजपा का सक्रिय नेता भी है. आरोपी जितेंद्र कुजूर सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहता है. सांसद चिंतामणि महाराज, मंत्री राजेश अग्रवाल, भाजपा विधायक प्रबोध मिंज और महापौर मंजूषा भगत के साथ अपने फोटो भी सोशल मीडिया पर साझा किया है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने आरोपी के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन कलेक्टर जिला दंडाधिकारी अजीत वसंत के न्यायालय में पेश किया था. प्रतिवेदन के आधार पर आरोपी को नोटिस जारी कर सुनवाई का मौका दिया गया. इसके बाद जिला दंडाधिकारी ने उसे एक साल के लिए सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, बलरामपुर और सूरजपुर जिले की सीमा से निष्कासित कर दिया है.
आरोपी ने 22 अप्रैल 2026 को कंठी पटवारी कार्यालय में घुसकर पटवारी प्रकाश मंडल और कंप्यूटर ऑपरेटर से मारपीट की थी. बताया जा रहा है कि वह राजस्व निरीक्षक के बारे में जानकारी लेने पहुंचा था. पटवारी ने कहा कि राजस्व निरीक्षक लंच के लिए गई हैं. आरोपी भाजपा नेता ने फोन लगाने के लिए कहा तो पटवारी ने कहा कि दीवार पर नंबर लिखा है. आप खुद लगा लें. फोन नहीं उठाती हैं तो बात करा दूंगा.
इसी बात से भड़के आरोपी ने पटवारी की पिटाई शुरू कर दी. बीच-बचाव करने आए ऑपरेटर को भी पीट दिया. बचने के लिए पटवारी बाहर निकले तो आरोपी ने बाहर भी लात और डंडे से पीटा. पटवारी किसी तरह कमरे में घुसकर दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई. इस मामले में दरिमा पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया था. अब उसे आदतन बदमाश मानते हुए जिलाबदर की कार्रवाई की गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



