साथ चलने का वादा कर भाई की शादी में बुलाया ससुराल, प्रेमी के साथ मिलकर पति को मार डाला, पत्नी समेत सात गिरफ्तार
Called her in-laws to her brother's wedding by promising to go with her, killed the husband with the help of her lover, seven people including the wife arrested
बलरामपुर : बलरामपुर में साले की शादी में आए जीजा हरेंद्र की गला काटकर हत्या कर दी गई थी. ससुराल से सिर्फ 50 मीटर की दूरी पर हरेंद्र का शव पड़ा मिला था. यह हत्या किसी और ने नहीं, हरेंद्र की पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कराई थी.
2 मई को हुए हरेंद्र हत्याकांड का खुलासा करते हुए उसकी पत्नी, उसके प्रेमी समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. पत्नी ने अपने प्रेमी और 5 अन्य लोगों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची. इन लोगों ने हरेंद्र का गला रेतकर उसकी हत्या की थी.
हरेंद्र वर्मा उम्र 25 साल गोंडा के थाना खरगूपुर के देवरहना का रहने वाला था. 30 अप्रैल को वह अपनी ससुराल बलरामपुर के जुगली कला साले की शादी में शामिल होने आया था. उसके चाचा लल्लू वर्मा भी साथ आए थे. लेकिन वह शादी के दूसरे दिन वह वापस चले गए थे. हरेंद्र यहीं पर रुक गया था.
दरअसल ससुरालवालों ने उससे कहा था कि शादी के बाद पत्नी उमा देवी को उसके साथ भेज देंगे. उमा होली में मायके आई थी. तब से ससुराल नहीं गई थी. 2 मई को हरेंद्र की ससुराल के घर से करीब 50 मीटर दूर ही चाकू से गला काटकर हत्या कर दी गई थी.
इसकी खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की. साथ ही हरेंद्र के चाचा लल्लू वर्मा की शिकायत पर अज्ञात में केस दर्ज कर लिया. इसी बीच पुलिस ने सर्विलांस, फोरेंसिक और तकनीकी सबूतों के आधार पर जांच की. इस जांच में मामला गंभीर निकला.
शादी से पहले से अफेयर, पत्नी ने रची थी साजिश
पुलिस पूछताछ में जितेंद्र ने बताया- हम दोनों के बीच पिछले 6 साल से अफेयर था. हम दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे. लेकिन, उमा के घरवालों ने 4 साल पहले उसकी शादी हरेंद्र वर्मा से कर दी थी.
इसके बावजूद हम दोनों ने मिलना-जुलना जारी रहा. हम लोग एक-दूसरे से बहुत प्यार करते थे. एक-दूसरे के बिना रह पाना मुश्किल था। इसके चलते हमने सोचा कि अगर हरेंद्र को रास्ते से हटा दिया जाए. तो हम दोनों एक-दूसरे के साथ शादी कर लेंगे.
पहले भी कई बार की थी कोशिश, पर नहीं हुए सफल
जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि मैंने और उमा ने पहले भी कई बार हरेंद्र के मर्डर की प्लानिंग की थी. लेकिन बात नहीं बन पाई. इस पर हमें लगा कि बिना अन्य लोगों का मदद लिए हत्या करना मुश्किल है. इस पर हमने अपने दोस्त मुकेश कुमार, सचिन, अखिलेश यादव, संतोष और मुकेश साहू को भी इसके लिए तैयार किया. इसके बाद हम लोगों ने मिलकर हरेंद्र की हत्या कर दी.
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू, खून लगे कपड़े-जूते, दो बाइक और 6 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.
चाचा लल्लू ने बताया- हरेंद्र घर का इकलौता लड़का था. उसके 3 बहनें रीता, प्रीति और गीता हैं। 4 भाई-बहनों में वह दूसरे नंबर पर था। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है. बाकी दो बहनों की शादी होना बाकी है. पिता लुधियाना में काम करते हैं. जबकि हरेंद्र घर पर रहकर खेती-बाड़ी करता था.
थाना प्रभारी अखिलेश पांडे ने बताया- 2 मई की रात 9 बजे हरेंद्र और उसकी पत्नी उमा का झगड़ा हुआ था. ये बात उमा ने अपने बॉयफ्रेंड जितेंद्र को फोन कर बताई. 9 बजे ससुराल वालों ने खाना खाने को कहा तो हरेंद्र इनकार करते हुए घर से बाहर निकल गया. इसी दौरान जितेंद्र के दोस्त मुकेश ने हरेंद्र को फोन कर कहा- कोई आपका स्कूल के पास इंतजार कर रहा है. हरेंद्र जैसे ही घर से 50 मीटर दूर स्थित स्कूल के करीब पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे जितेंद्र और उसके साथियों ने चाकू से गला काटकर हरेंद्र की हत्या कर दी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



