शादी के 10 दिन पहले फोन कर मिलने बुलाई मंगेतर, फिर हत्या कर दफना दी लाश, खुदकुशी करने से पहले प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार

10 days before marriage, called fiancée to meet, then murdered and buried the body, lover-girlfriend arrested before committing suicide

शादी के 10 दिन पहले  फोन कर मिलने बुलाई मंगेतर, फिर हत्या कर दफना दी लाश, खुदकुशी करने से पहले प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार

अंबिकापुर : सरगुजा जिला के बतौली थाना क्षेत्र से एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. शादी के 10 दिन पहले युवक को मिलने बुलाकर उसकी होने वाली पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मौत के घाट उतार दिया. फिर उसका शव पहाड़ीनुमा इलाके में गड्ढा खोदकर दफन कर दिया. युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके परिजनों ने थाने में दर्ज कराई थी. इधर आत्महत्या करने युवती अपने प्रेमी के साथ रस्सी खरीदते देखी गई. शक के आधार पर पंचायत सचिव ने पुलिस को इसकी खबर दी. पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने मंगेतर की हत्या कर शव दफन करने की बात कबूल की. पुलिस ने कब्र खुदवाकर शव बरामद कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम जजगा ऊपरपारा निवासी अमृत लकड़ा पिता अमरसाय लकड़ा उम्र 30 साल की शादी बतौली के ग्राम घोघरा निवासी पुष्पा केरकेट्टा पिता बसंतलाल उम्र 22 साल से तय हुई थी. 6 मई को दोनों की शादी होने वाली थी. परिजन शादी की तैयारियों में जुटे थे. इसी बीच अमृत लकड़ा 26 अप्रैल की रात से गायब हो गया. वह बारात में शामिल होने युवती के गांव घोघरा गया था. 28 अप्रैल को परिजन ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी.
इसी बीच 30 अप्रैल को पुलिस को ग्राम घोघरा के पंचायत सचिव ने खबर दी कि युवती पुष्पा और गांव का ही गगन टोप्पो उर्फ बबलू पिता मैनाराम उम्र 21 साल संदिग्ध हालत में रस्सी खरीदते देखे गए हैं. शायद दोनों ने खुदकुशी करने रस्सी खरीदी है.
खबर मिलते ही बतौली पुलिस ने युवती पुष्पा और गगन टोप्पो को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि खुदकुशी करने के लिए उन्होंने रस्सी खरीदी थी.
पुलिस ने अमृत लकड़ा के मोबाइल की कॉल रिकार्ड और मोबाइल लोकेशन की जांच की तो पता चला कि लापता होने के पहले उसकी होने वाली पत्नी पुष्पा केरकेट्टा के साथ उसकी बातचीत हुई है. उसका अंतिम मोबाइल लोकेशन भी ग्राम घोघरा में मिला. कॉल रिकार्ड एवं मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने पुष्पा से पूछताछ की. लेकिन उसने अमृत के बारे में कोई भी जानकारी नहीं होना बताया. पुलिस ने शक के आधार पर पुष्पा केरकेट्टा के मोबाइल की कॉल रिकार्ड की जांच की तो पता चला कि उसकी बातचीत काफी दिनों से गगन टोप्पो उर्फ से कई दिनों से हो रही है.
पुलिस ने पुष्पा केरकेट्टा के साथ उसके प्रेमी बबलू को भी गत बुधवार को गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने अमृत लकड़ा का कत्ल करना कबूल किया.
पुलिस ने जब युवती ने उसके मंगेतर अमृत लकड़ा के बारे में पूछा तो बताया कि गगन टोप्पो के साथ मिलकर उसने कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी. और लाश को बेंदाकोना के जंगल में दफन कर दिया. युवती ने बताया कि उसका प्रेम प्रसंग गगन टोप्पो उर्फ बबलू से लंबे समय से चल रहा है.
पुलिस ने 1 मई की दोपहर युवक व युवती की निशानदेही पर मृतक अमृत लकड़ा का शव तहसीलदार की मौजूदगी में गड्ढा खुदवाकर निकलवाया. इस दौरान काफी तादाद में मृतक के परिजन, गांव के लोग और पुलिस बल की मौजूदगी रही. पुलिस ने शव को बरामद कर पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया और युवक-युवती को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस की पूछताछ में ये बात सामने आई कि अमृत लकड़ा की हत्या की साजिश उसकी मंगेतर पुष्पा और उसके प्रेमी गगन टोप्पो ने एक महीने पहले ही बना ली थी महीने भर पहले उन्होंने अमृत को फोन कर मेला में बुलाया था. लेकिन वह नहीं आया तो उनका प्लान फेल हो गया.
इसी बीच 26 अप्रैल को अमृत रिश्तेदार की शादी में शामिल होने अपने होने वाले ससुराल ग्राम घोघरा पहुंचा था. उसे फोन कर पुष्पा ने मिलने बुलाया और रात में ही गांव से दूर बेंदाकोना के जंगल में ले गई. यहां प्रेमी गगन टोप्पो पहले से ही कुल्हाड़ी लेकर मौजूद था.
इधर अमृत और पुष्पा के घर के परिजन शादी को लेकर काफी उत्साहित थे. दोनों ही परिवार के लोग अपने-अपने सगे संबंधियों के यहां शादी का कार्ड बांट रहे थे. इसी बीच दिल दहलाने वाली इस घटना ने सभी को हिला के रख दिया. बरहाल इस हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB