रायपुर में खुनी वारदात, मामूली गाली-गलौज के बाद युवक की पीठ में चाकू घोंपकर हत्या, दो नाबालिग दोस्तों समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
A bloody incident in Raipur: A young man was stabbed to death after a minor altercation; three accused, including two minor friends, were arrested.
रायपुर : राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में गाली-गलौज की छोटी सी बात पर एक युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर ही मुख्य आरोपी और उसके दो नाबालिग साथियों को गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक30 नवंबर की रात उरला पुलिस को खबर मिली कि ग्राम गुमा स्थित सिंघानिया पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा है. पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि युवक की पीठ में रीढ़ की हड्डी के पास किसी हथियार से वार किया गया था. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान फुल्लम सिंह गोंड उम्र 24 साल निवासी जिला डिंडोरी (मप्र) के रुप में हुई, जो वर्तमान में प्राईम इस्पात, गुमा में रहता था.
रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और उरला पुलिस ने संयुक्त जांच शुरु की. सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मिली खबर के आधार पर पुलिस ने गुमा निवासी विनोद चतुर्वेदी (18 साल 6 माह) को हिरासत में लिया.
पूछताछ में उसने अपने दो नाबालिग दोस्तों के साथ मिलकर हत्या करना कबूल किया. आरोपियों ने बताया कि घटना वाली रात वे कंपनी से घर जा रहे थे और मृतक सामने से आ रहा था. मृतक गाली-गलौज करते हुए चल रहा था. आरोपियों को लगा कि वह उन्हें गाली दे रहा है. इसी बात पर विवाद हुआ और उन्होंने चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी.
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 3(5) बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. उनके पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू भी जब्त कर लिया गया है.
इस कार्यवाही में निरीक्षक रोहित मालेकर थाना प्रभारी उरला, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट से प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक सतीश पुरिया, प्र.आर. कुलदीप द्विवेदी, म.प्र.आर. बसंती मौर्य, आर. संदीप सिंह, अविनाश देवांगन, म.आर. बबीता देवांगन तथा थाना उरला से उपनिरीक्षक रामनारायण चंद्रवंशी, तेजराम कंवर, सउनि. रामनारायण वर्मा, आर. नरेश प्रधान, दीपक सिंह एवं सत्येन्द्र प्रधान की अहम भूमिका रही.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



