तंत्र-मंत्र के जाल में फंसा कारोबारी: भाई की मौत का राज बताने के बहाने रायपुर के तांत्रिक ने डॉक्टर से ठगे 40 लाख और XUV, बाबा नरेंद्र नयन शास्त्री फरार
Businessman ensnared in occult web: Raipur-based 'Tantrik' swindles a doctor out of ₹40 lakh and an XUV under the pretext of revealing the secret behind his brother's death; 'Baba' Narendra Nayan Shastri absconding.
रायपुर : भाई की संदिग्ध मौत की सच्चाई जानने की उम्मीद एक कारोबारी के लिए भारी पड़ गई. तंत्र-मंत्र और विशेष साधना के नाम पर एक कथित तांत्रिक ने उससे करीब 40 लाख रुपये की ठगी कर ली. आरोपी ने नकद रकम लेने के साथ एक लग्जरी एसयूवी भी अपने नाम करवा ली. कई महीने बीतने के बाद भी कोई नतीजा नहीं मिलने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है. यह मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है.
भाई की संदिग्ध मौत के बाद हुई तांत्रिक से मुलाकात
मिली जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता गाजियाबाद निवासी डॉक्टर एवं कारोबारी ऋषभ चौबे हैं. उनके भाई की पिछले साल इंदौर में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी. इस घटना के बाद परिवार लगातार मौत के पीछे की असल वजह जानने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान रायपुर में रहने वाले एक परिचित के जरिए उनकी मुलाकात खुद को तांत्रिक बताने वाले नरेंद्र नयन शास्त्री से हुई.
विशेष साधना का झांसा देकर वसूले लाखों रुपये
आरोप है कि नरेंद्र नयन शास्त्री ने दावा किया कि वह विशेष तंत्र साधना, अनुष्ठान और पूजा-पाठ के जरिए भाई की मौत का पूरा रहस्य सामने ला सकता है. इसी भरोसे में उसने शुरुआत में अलग-अलग किश्तों में करीब 10 लाख रुपये ले लिए.
इसके बाद आरोपी ने महंगी साधना और विशेष अनुष्ठान का हवाला देते हुए पीड़ित से करीब 25 लाख रुपये की कीमत वाली एक्सयूवी वाहन भी खरीदवा ली. नकदी और वाहन समेत आरोपी ने कुल मिलाकर करीब 40 लाख रुपये का फायदा हासिल कर लिया.
कई महीने बाद हुआ ठगी का एहसास
समय बीतने के बावजूद न तो तांत्रिक ने भाई की मौत से जुड़ी कोई जानकारी दी और न ही अपने किसी दावे को पूरा किया. लगातार टालमटोल के बाद कारोबारी को एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है. इसके बाद पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत खम्हारडीह थाने में दर्ज कराई.
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और संभावित ठिकानों पर जानकारी जुटाई जा रही है. जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि कहीं आरोपी ने तंत्र-मंत्र, चमत्कार और विशेष साधना का झांसा देकर अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार तो नहीं बनाया. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



