राजिम में कांग्रेसियों और गुस्साए किसानों ने किया चक्का जाम, सड़क पर लगी वाहनों की लंबी कतार, उग्र आन्दोलन की दी चेतावनी, भारी संख्या में किसान हुए शामिल
Congress members and angry farmers staged a road blockade in Rajim, causing long queues of vehicles; they warned of an intensified agitation, with a large number of farmers participating.
राजिम : किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को राजिम में कांग्रेस पार्टी और भारतीय किसान यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में विशाल ट्रैक्टर रैली और सांकेतिक चक्काजाम का आयोजन किया गया. इस दौरान सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ किसानों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को बुलंद किया.
छत्तीसगढ़ के प्रथम पंचायत मंत्री अमितेश शुक्ला के नेतृत्व में ट्रैक्टर रैली की शुरुआत राजिम कृषि उपज मंडी से हुई,.जहां बड़ी तादाद में किसान इकठ्ठा हुए. इसके बाद कई ट्रैक्टरों का काफिला नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक पहुंचा. जहां किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता सांकेतिक चक्काजाम कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. चक्काजाम के चलते सड़क के दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो रहा है. सहकारी समितियों में यूरिया और डीएपी की कमी से किसान परेशान हैं. जबकि कई स्थानों पर खाद की कालाबाजारी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं. किसानों ने खाद की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाने और सभी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की. इसके साथ ही किसानों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, कृषि सुरक्षा, धान के उचित मूल्य और खेती-किसानी से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर भी अपनी आवाज उठाई. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिलना चाहिए और एमएसपी को कानूनी अधिकार का दर्जा दिया जाना चाहिए.
महंगाई का मुद्दा भी उठाया
रैली और चक्काजाम के दौरान बढ़ती महंगाई का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया. प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में कमी करने की मांग करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई का सीधा असर किसानों और आम जनता दोनों पर पड़ रहा है.
कार्यक्रम में शामिल नेताओं ने कहा कि खेती केवल किसानों का विषय नहीं बल्कि देश की खाद्य सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है. अगर किसानों को समय पर खाद, बीज और उचित मूल्य नहीं मिलेगा तो इसका असर पूरे देश पर पड़ेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसानों की मांगों पर जल्द सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.
प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजिम एसडीएम सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



