महिला आबकारी SI पर मारपीट और उगाही के आरोप, युवक बोला- भट्टी से जबरन उठाकर ले गई कंट्रोल रुम, 50 हजार की मांग, जांच में जुटी पुलिस

Female Excise Sub-Inspector (SI) accused of assault and extortion; youth alleges she forcibly took him from the furnace to the control room, demanding 50,000 rupees; police investigating

महिला आबकारी SI पर मारपीट और उगाही के आरोप, युवक बोला- भट्टी से जबरन उठाकर ले गई कंट्रोल रुम, 50 हजार की मांग, जांच में जुटी पुलिस

बेमेतरा : बेमेतरा जिले के बेरला क्षेत्र में पदस्थ महिला आबकारी उप निरीक्षक पर एक युवक ने मारपीट और उगाही की कोशिश के गंभीर आरोप लगाए हैं. इस मामले में पीड़ित युवक ने सिटी कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई. जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित नरसिंह साहू ने बताया कि घटना रात करीब 10 बजे की है. उसका आरोप है कि आबकारी उप निरीक्षक निवेदिता मिश्रा उसे बेरला स्थित एक भट्टी से जबरन उठाकर बेमेतरा के कंट्रोल रुम ले गईं. वहां उसके साथ मारपीट की गई और 50 हजार रुपये की मांग की गई.
पीड़ित के मुताबिक जब उसने पैसे देने में असमर्थता जताई तो उसे जेल भेजने और नौकरी से निकलवाने की धमकी दी गई. युवक ने यह भी आरोप लगाया कि उसे महिला अधिकारी द्वारा झूठे मामले में फंसाने की चेतावनी भी दी गई. घटना के बाद से युवक खुद को मानसिक रूप से परेशान महसूस कर रहा है और काम पर जाने से भी डर रहा है.
नरसिंह साहू ने अपनी शिकायत में यह भी कहा कि उसे इस घटना के बाद लगातार अन्य लोगों के जरिए भी धमकियां मिल रही हैं. उसने पुलिस से सुरक्षा और उचित कार्रवाई की मांग की है.
इस मामले में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सोनल ग्वाल ने बताया कि युवक की शिकायत मिली है. चूंकि मामला आबकारी विभाग से संबंधित है. इसलिए इसकी जांच की जा रही है. जांच के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पक्षों के बयान लिए जाएंगे और उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने साफ किया कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t