DEO ऑफिस में अग्निकांड, 1 किमी दूर तक दिखीं लपटें, दस्तावेज जलकर खाक, नवागांव में आग से 40 एकड़ की पैरावट और मूर्ति निर्माण की झोपड़ी राख
Fire broke out at the DEO office, flames visible up to a kilometer away, documents were destroyed, and a 40-acre plot of land and a statue-making hut were reduced to ashes in Navagaon.
नवापारा/नवागांव : छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले से आगजनी की दो बड़ी घटना सामने आई है. पहले मामले में नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव (ल) में शुक्रवार शाम अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया. पंचायत भवन के पास नवा रायपुर रोड किनारे स्थित ग्रामीणों के ब्यारा में रखी पैरावट के करीब 8 बड़े ढेरों में अचानक आग भड़क उठी.
देखते ही देखते आग ने विकराल रुप ले लिया और पास ही मूर्ति निर्माण के लिए बनाई गई झोपड़ी को भी अपनी चपेट में ले लिया. झोपड़ी में रखे लकड़ी के खांचे, पैरा सहित मूर्ति निर्माण की अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आग शॉर्ट सर्किट से नहीं लगी. क्योंकि घटनास्थल के आसपास कोई विद्युत तार मौजूद नहीं है. आसपास के खेतों में भी आग के कोई निशान नहीं पाए गए हैं और मौसम भी ज्यादा गर्म नहीं था. ऐसे में प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि किसी असामाजिक तत्व द्वारा बीड़ी या सिगरेट का जलता हुआ टुकड़ा फेंके जाने से आग लगी होगी. जो धीरे-धीरे सभी पैरावट के ढेरों तक फैल गई.
दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया. खबर मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था.
इस घटना में ग्राम नवागांव (ल) के किसान अश्वनी चक्रधारी, संतु चक्रधारी, किशुन चक्रधारी, नोहर साहू, बिरसिंह धुव, अशोक चक्रधारी, ईश्वर चक्रधारी, हेमलाल साहू, कोमल चक्रधारी सहित अन्य किसानों की करीब 40 एकड़ की पैरावट जलकर खाक हो गई. इससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है. एक छोटी सी चिंगारी ने किसानों की महीनों की मेहनत और मूर्तिकार की रोजी-रोटी को राख में बदल दिया। घटना के बाद गांव में प्रशासन से मुआवजे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB
रायपुर : राजधानी रायपुर स्थित जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई. आग भंडार कक्ष में लगी, जहां शिक्षा विभाग से जुड़े वर्षों पुराने और जरुरी दस्तावेज रखे गए थे. आग इतनी तेज थी कि इसकी लपटें और धुआं करीब एक किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहे थे.
शनिवार दोपहर कार्यालय परिसर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया. देखते ही देखते आग ने विकराल रुप ले लिया और पूरे कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई. कर्मचारियों ने इसकी खबर दमकल विभाग और वरिष्ठ अधिकारियों को दी.
खबर मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. कागजों की अधिकता और भंडार कक्ष के संकरे होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी. जिससे दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका.
राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए. हालांकि आग से विभागीय रिकॉर्ड को भारी नुकसान पहुंचा है. जले हुए दस्तावेजों में स्कूलों से संबंधित अहम फाइलें, पत्राचार, पुरानी रिपोर्ट, कर्मचारियों के रिकॉर्ड और अन्य प्रशासनिक कागजात शामिल हैं.
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी. आग की इस घटना से शिक्षा विभाग के कामकाज पर अस्थायी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



