रायपुर में हनुमान प्रतिमा खंडित करने वाले फर्जी पुलिसकर्मी समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा सलाखों के पीछे, जेसीबी मशीन जप्त
Five people, including a fake policeman, who vandalised a Hanuman statue in Raipur were arrested and sent behind bars. A JCB machine was seized.
रायपुर : राजधानी रायपुर के धरमनगर क्षेत्र में हनुमान की प्रतिमा खंडित किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कारोबारी अरिहंत पारख सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है.
इस घटना को लेकर इलाके में तनाव की हालत बन गई थी. जिसके बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच करते हुए आरोपियों को चिन्हित किया. मामले की एफआईआर पहले अज्ञात आरोपियों के खिलाफ टिकरापारा थाना में दर्ज की गई थी.
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में अरिहंत पारख, मोहित कुमार लखेर, गणेश कुर्रे, भूपेश केवट और जेसीबी ऑपरेटर मेहराब शामिल हैं. जांच में सामने आया कि घटना के दौरान आरोपी मोहित कुमार लखेर ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर मौके पर पहुंचने की कोशिश की. ताकि लोगों को गुमराह किया जा सके और कार्रवाई को प्रभावित किया जा सके. यह तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ नकली पुलिसकर्मी बनकर भ्रम फैलाने के आरोप भी जोड़े हैं.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धरमनगर में स्थापित हनुमान की प्रतिमा को खंडित किए जाने की खबर मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था. संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे.
इस मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई. जिसने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल्स और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई.
जांच में यह भी सामने आया है कि इस घटना में जेसीबी मशीन का उपयोग किया गया था. जिसे आरोपी मेहराब चला रहा था. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल जेसीबी को जब्त कर लिया है. साथ ही आरोपियों की भूमिका और घटना के पीछे की मंशा को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है.
सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की गई है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना के पीछे कोई और साजिश या अन्य लोग तो शामिल नहीं थे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



