छत्तीसगढ़ में खौफनाक वारदात, युवती और दो युवकों ने सीने में चाकू घोंपकर अधेड़ को उतारा मौत के घाट, घटना CCTV में कैद, महिला गिरफ्तार
Horrible incident in Chhattisgarh, a girl and two youths killed a middle-aged man by stabbing him in the chest, incident captured in CCTV, woman arrested
अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. गांधीनगर थाना इलाके में एक युवती और दो युवकों ने मिलकर एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र के गांधीनगर मोहल्ले का है.
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह डेरी फार्म रोड स्थित एक घर के सामने अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा मिला. शव दिखने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. वार्ड पार्षद विपिन पांडे ने इसकी खबर गांधीनगर पुलिस को दी. जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची.
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज में साफ दिखा कि रात करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच एक युवती और दो युवक मिलकर अधेड़ व्यक्ति पर चाकू से हमला कर रहे हैं. हमले में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक की पहचान बबलू मंडल के रुप में की गई है. पुलिस ने हत्या के करीब 12 घंटे के भीतर ही एक आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि इस मामले में शामिल दो युवक अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं.
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी युवती आदतन नशे की आदी बताई जा रही है. पूरे मामले में पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है.
इस बीच वार्ड पार्षद विपिन पांडे ने इलाके में खुलेआम नशे के कारोबार का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि क्षेत्र में नशीले इंजेक्शन और शराब का धंधा बड़े पैमाने पर चल रहा है. जिसकी वजह से युवा लड़के-लड़कियां नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं. उन्होंने पुलिस विभाग से इस ओर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
मृतक के रिश्तेदार ने बताया कि बबलू मंडल उनका भतीजा था. रात करीब 11 बजे घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था और वह शराब के नशे में था. इसके बाद वह घर से निकल गया. सुबह पुलिस से हत्या की खबर मिली. परिजनों ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है.
गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि सुबह शव मिलने की खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है. घटना के करीब 12 घंटे के भीतर ही गांधीनगर पुलिस ने हत्या में शामिल एक आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि मामले में शामिल दो आरोपी युवक अभी फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



