रायपुर में महिला डॉक्टर को कथित साधुओं ने हिप्नोटाइज कर लगाया चूना, UPI से लिए पैसे, फर्जी साधु का वीडियो CCTV कैमरे में कैद

In Raipur, a female doctor was hypnotized and duped by alleged sadhus, who took money via UPI. The video of the fake sadhu was captured on CCTV.

रायपुर में महिला डॉक्टर को कथित साधुओं ने हिप्नोटाइज कर लगाया चूना, UPI से लिए पैसे, फर्जी साधु का वीडियो CCTV कैमरे में कैद

रायपुर : राजधानी में एक महिला डॉक्टर से ठगी का अनोखा मामला सामने आया है. साधुओं के वेश में आए दो अज्ञात व्यक्ति पहले महिला डॉक्टर के क्लिनिक में जबरन घुस गए. फिर महिला डॉक्टर को हिप्नोटाइज कर क्यूआर कोड से पैसे ले लिए. महिला डॉक्टर के मुताबिक आरोपी ठग लगातार उनकी आंखों में देखने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे.
पीड़ित डॉ. सुधा अग्रवाल चौधरी ने बताया कि वह 26 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे शंकर नगर स्थित सुधा सूरज फर्टिलिटी केयर क्लिनिक में अपने एक स्टाफ के साथ बैठी थी. तभी साधुओं के भेष में दो अज्ञात व्यक्ति खिड़की से झांकते हुए क्लिनिक में घुस गए. पहले स्टाफ ने उन्हें पैसे दिए. लेकिन साधुओं ने कहा कि उन्हें पैसे नहीं चाहिए. इसके बाद वे सीधे डॉक्टर के केबिन की ओर जाने लगे. रिसेप्शनिस्ट ने उन्हें रोकने की कोशिश की. लेकिन वे सीधे डॉक्टर के पास पहुंच गए.
दोनों आरोपियों ने इलाज के बहाने डॉक्टर से बातचीत शुरु की. फिर डॉक्टर से उनकी निजी जानकारी लेने लगे. आरोप है कि डॉक्टर को उन्होंने हिप्नोटाइज कर लिया था. इसके बाद वे जैसा कहते गए. डॉक्टर वैसा करती गई. दोनों ने भगवान के नाम पर और धमकी देकर 9 हजार रुपए यूपीआई के जरिए एक खाते में ट्रांसफर करवाए. लेनदेन परमजीत कौर नामक महिला के बैंक खाते में हुआ. आरोपियों ने जाते-जाते एक देवी-देवता की तस्वीर, काले मोती और रुद्राक्ष की माला भी थमा दी.
इस मामले में डॉ. सुधा ने पुलिस को फुटेज भी उपलब्ध कराई है. डॉक्टर ने अगले दिन जब ट्रांजेक्शन और सीसीटीवी देखा तब उन्हें पता चला कि उनके साथ ठगी हो गई है. फिलहाल इस मामले में डॉक्टर ने पुलिस से लिखित शिकायत की है. लेकिन फ़िलहाल आरोपी ठग पुलिस गिरफ्त से बाहर है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t