दुष्कर्म केस में घिरे नायब तहसीलदार शैलेंद्र दिवाकर, FIR के बाद भी गिरफ्तारी नहीं, पीड़िता ने पुलिस पर लगाए संरक्षण के आरोप, न्याय की मांग तेज
Naib Tehsildar Shailendra Diwakar embroiled in rape case; no arrest despite FIR; victim accuses police of shielding the accused; demands for justice intensify.
रायपुर : राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में सूरजपुर जिले में पदस्थ नायब तहसीलदार शैलेंद्र दिवाकर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद अब कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 26 मई को जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की थी. लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता ने नायब तहसीलदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए गंज थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. शुरूआती जांच के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली और मामले की जांच शुरु की.
गिरफ्तारी में देरी पर उठे सवाल
एफआईआर दर्ज हुए कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. पीड़िता का आरोप है कि पुलिस आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय उसे बचाने का प्रयास कर रही है.
पीड़िता का दावा है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी के परिजन लगातार थाना पहुंचकर पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर रहे है. साथ ही आरोपी भी पुलिस के संपर्क में बना हुआ है. लेकिन इसके बावजूद उसे गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है. इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पीड़िता ने राज्य के गृहमंत्री और पुलिस कमिश्नर से भी शिकायत की है.
सूरजपुर में दबिश, आरोपी अब भी फरार
पुलिस का कहना है कि आरोपी नायब तहसीलदार के खिलाफ जुर्म दर्ज है और उसकी तलाश जारी है. आरोपी के सूरजपुर स्थित निवास पर पुलिस टीम ने दबिश भी दी थी. लेकिन वहां नहीं मिला. फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है. मामले को लेकर अब पुलिस की कार्यप्रणाली और गिरफ्तारी में हो रही देरी पर सवाल उठने लगे हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



