रिहायशी इलाके में संचालित OYO सील, होटल के लिए अवैध तरीके बनाए कमरे, संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत पर नगर निगम का एक्शन
OYO operating in a residential area sealed, hotel rooms illegally constructed, municipal corporation takes action on complaints of suspicious activities
बिलासपुर/सरकंडा : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में रिहायशी इलाके में बिना अनुमति बनाए गए तीन मंजिला भवन में अवैध तरीके से संचालित OYO होटल का मामला सामने आया है. स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों और संदिग्ध गतिविधियों की खबर के बाद नगर निगम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवनंदन नगर में रहने वाले नागरिकों ने नगर निगम को शिकायत दर्ज कराई कि एक रिहायशी क्षेत्र में OYO होटल का संचालन किया जा रहा है. होटल में आए दिन संदिग्ध युवक-युवतियों का आना-जाना लगा रहता है. जिससे मोहल्ले का सामाजिक वातावरण खराब हो रहा है. स्थानीय महिलाओं और युवतियों ने भी असुरक्षा की भावना व्यक्त करते हुए इस रास्ते से गुजरने में डर महसूस होने की बात कही थी.
जिसके बाद नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर निगम की भवन शाखा और संबंधित अधिकारियों की टीम ने मौके पर निरीक्षण किया. जांच में यह साफ हुआ कि जिस भवन में होटल संचालित किया जा रहा था. वह रिहायशी क्षेत्र में है और इसके लिए मकान मालिक द्वारा रिहायशी उपयोग का ही नक्शा स्वीकृत कराया गया था. हालांकि भवन के अंदर होटल के रुप में कमरों का निर्माण कर उसे व्यावसायिक गतिविधि के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. जो नियमों का साफ उल्लंघन है.
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि भवन में लंबे समय से OYO होटल का संचालन किया जा रहा था. लेकिन इसके लिए न तो नगर निगम से कोई अनुमति ली गई थी और न ही भूमि उपयोग परिवर्तन (लैंड यूज चेंज) की प्रक्रिया पूरी की गई थी. रिहायशी क्षेत्र में इस तरह का व्यवसायिक संचालन न सिर्फ अवैध है. बल्कि आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा और सामाजिक व्यवस्था के लिए भी खतरा बनता है.
मोहल्ले के लोगों का कहना था कि होटल की वजह से इलाके में अनुशासनहीन गतिविधियां बढ़ रही थीं. देर रात तक बाहरी लोगों की आवाजाही, शोर-शराबा और संदिग्ध गतिविधियों के चलते स्थानीय परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे थे. इसी वजह से मोहल्लेवासियों ने सामूहिक रुप से नगर निगम कमिश्नर से शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की थी.
निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर नगर निगम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए अवैध तरीके से संचालित OYO होटल को सील कर दिया. अधिकारियों के मुताबिक होटल का संचालन अंकित सिंह द्वारा किया जा रहा था. सीलिंग की कार्रवाई के दौरान निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे. ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो.
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि जो भी भवन मालिक या संचालक नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे. उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. जरुरत पड़ने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई भी की जा सकती है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



