गांजा तस्करों को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, आरोपी ने मचाया शोर, ग्रामीणों ने चोर समझकर जमकर पीटा, एक सिपाही गंभीर घायल, 5 आरोपी गिरफ्तार
Police attacked while trying to apprehend marijuana smugglers; accused raised an alarm; villagers mistook them for thieves and beat them severely, one constable seriously injured, and five accused arrested.
रायपुर : उत्तर प्रदेश में छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. टीम गांजा तस्करी के आरोपियों की तलाश में दबिश देने पहुंची थी. लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें चोर समझ लिया और मारपीट शुरू कर दी. इस घटना में एक पुलिसकर्मी गंभीर रुप से घायल हो गया. बाकी पुलिसकर्मियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई. यह मामला कौशांबी (UP) के कोखराज थाना क्षेत्र का है.
UP के कौशांबी पहुंची थी टीम
मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर की गंज थाना पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के ईचौली गांव में रहने वाले आकाश, शिवम और एक अन्य आरोपी की तलाश में पहुंची थी. पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे. स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपियों की तलाश कर रहे थे. पुलिस टीम ने पहले आरोपी आकाश को पकड़ लिया. इसके बाद जब टीम दूसरे आरोपी शिवम के घर पहुंची. तो उसने खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से "चोर-चोर" चिल्लाना शुरू कर दिया. शिवम के शोर मचाते ही बड़ी तादाद में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. सादे कपड़ों में होने की वजह से ग्रामीण पुलिसकर्मियों को पहचान नहीं सके और उन्हें चोर समझ बैठे.
ग्रामीणों ने धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की
शिवम केशरवानी, उसके भाई, रिश्तेदारों और समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया. देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए. ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान पुलिसकर्मी जगदेव प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए. मारपीट में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं. टीम में आरक्षी जगदेव प्रसाद वर्मा, हेड कांस्टेबल युसूफ खान, सिपाही अजय चौधरी, आरक्षी संदीप सिंह और आरक्षित सत्येंद्र प्रधान शामिल थे.
घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया
वहीं, चार अन्य पुलिसकर्मी किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे. घटना की खबर मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को कंट्रोल किया. घायल पुलिसकर्मी को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
ASP ने घटना की पुष्टि की
कौशांबी की अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि रायपुर पुलिस ने लोकल पुलिस की मदद से एक आरोपी को पकड़ा था. लेकिन दूसरे आरोपी को पकड़ने के दौरान उन्होंने लोकल पुलिस को बिना जानकारी दिए कार्रवाई की.
ऐसे में टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस घटना की जांच कर रही है. साथ ही मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है.
इस मामले में तीन नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि अन्य की तलाश जारी है
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



