3 महीने में दूसरी बार घरेलू एलपीजी सिलेंडर हुआ महंगा, 29 रुपये बढ़े दाम, आज से नई दरें लागू, जुलाई से 24% तक बिजली महंगी होने की संभावना
Domestic LPG cylinders have become more expensive for the second time in three months, with prices rising by ₹29. New rates are effective today. Electricity prices are expected to rise by 24% from July.
नई दिल्ली : घरेलू रसोई गैस का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है. घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में ₹29 की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें आधी रात से लागू भी हो गई हैं. यह पिछले तीन महीनों के भीतर दूसरी बार है जब घरेलू LPG की कीमतों में इजाफा किया गया है. इससे पहले मार्च में भी सिलेंडर के दाम ₹60 बढ़ाए गए थे. ऐसे में मार्च से जून के बीच घरेलू गैस सिलेंडर कुल ₹89 महंगा हो चुका है. कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर सीधे आम परिवारों के मासिक बजट पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है.
घरेलू सिलेंडर के साथ-साथ छोटे 5 किलोग्राम वाले LPG सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है. इस श्रेणी के सिलेंडर पर ₹11 का इजाफा किया गया है. जिसके बाद इसकी कीमत ₹821.50 तक पहुंच गई है. छोटे सिलेंडर आमतौर पर अस्थायी उपयोग, छोटे परिवारों और कुछ व्यावसायिक जरूरतों के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं. ऐसे में इस वर्ग के उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है.
रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है जब पेट्रोल, डीजल और CNG के दाम भी पिछले कुछ हफ्तों में ऊपर गए हैं. मई के दौरान पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल मिलाकर करीब ₹7.50 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई. जबकि CNG भी करीब ₹6 प्रति किलोग्राम महंगी हुई है.
लगातार बढ़ती ईंधन लागत का असर परिवहन, लॉजिस्टिक्स और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ईंधन महंगा होता है तो इसका प्रभाव धीरे-धीरे कई अन्य क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगता है.
घरेलू LPG की कीमतों में ताजा बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब महंगाई पहले से ही आम परिवारों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है. रसोई गैस हर घर की जरूरत है और इसकी कीमत बढ़ने से मासिक घरेलू खर्च पर सीधा असर पड़ता है. विशेष रूप से मध्यम वर्ग और सीमित आय वाले परिवारों को अपने बजट में अतिरिक्त प्रबंधन करना पड़ सकता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t
जुलाई से 24% तक बिजली महंगी होने की संभावना
रायपुर : छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं को जल्द ही महंगी बिजली का झटका लग सकता है. राज्य विद्युत वितरण कंपनी (CSPDCL) ने विद्युत नियामक आयोग को बिजली दरों में 24 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव भेजा है. अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं की बिजली दरों में बढ़ोतरी होगी.
कंपनी के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2026-27 में लगभग 6,308.24 करोड़ रुपये के अनुमानित घाटे को देखते हुए टैरिफ संशोधन का प्रस्ताव रखा गया है. प्रस्ताव के मुताबिक विभिन्न स्लैब में बिजली दरों में करीब 1 से 2 रुपये प्रति यूनिट तक की वृद्धि हो सकती है, जिससे उपभोक्ताओं के मासिक बिजली बिल पर सीधा असर पड़ेगा.
उपभोक्ताओं को तगड़ा झटका
अगर आयोग प्रस्ताव को मंजूरी देता है. तो घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे व्यापारियों और उद्योगों की बिजली लागत भी बढ़ जाएगी. इससे आम लोगों के मासिक बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की संभावना है.
फैसले का इंतजार
विद्युत नियामक आयोग इस प्रस्ताव पर फरवरी में जनसुनवाई कर चुका है. विभिन्न संगठनों और उपभोक्ताओं से मिले सुझावों पर विचार के बाद आयोग ने अतिरिक्त दस्तावेज भी मांगे हैं. अब आख़री फैसले का इंतजार है. संभावना जताई जा रही है कि जून महीने में नई दरों को लेकर फैसला लिया जा सकता है. बस्तर संभाग सहित पूरे प्रदेश में नई दरें नियामक आयोग के आदेश जारी होने के बाद ही लागू की जाएंगी.
घरेलू उपभोक्ताओं की वर्तमान बिजली दरें
• 0 से 100 यूनिट – 4.10 रुपये प्रति यूनिट
• 101 से 200 यूनिट – 4.20 रुपये प्रति यूनिट
• 201 से 400 यूनिट – 5.60 रुपये प्रति यूनिट
• 401 से 600 यूनिट – 6.60 रुपये प्रति यूनिट
• 601 यूनिट से ज्यादा – 8.20 रुपये प्रति यूनिट
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



