स्कूल से शिक्षक का अपहरण, मारपीट के बाद कार में ले गए, महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, उधार को लेकर वारदात को दिया अंजाम

Teacher kidnapped from school, taken away in car after assault, 4 accused including a woman arrested, crime committed over loan

स्कूल से शिक्षक का अपहरण, मारपीट के बाद कार में ले गए, महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, उधार को लेकर वारदात को दिया अंजाम

दुर्ग : दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां पैसों के विवाद में चार लोगों ने एक सरकारों स्कूल में घुसकर शिक्षक का अपहरण कर लिया. वारदात की खबर मिलते ही पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर न सिर्फ अपहृत शिक्षक को सुरक्षित छुड़ा लिया. बल्कि एक महिला समेत सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक लिटिया निवासी सुनीता देशलहरे उम्र 32 साल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि गुरुवार 3 जुलाई को दोपहर करीब 1:30 बजे उनके रिश्तेदार और शिक्षक दीपक देशलहरे ने उन्हें फोन पर घबराकर सूचना दी. दीपक ने बताया कि राजनांदगांव के लालबाग निवासी खरिमन दास बंजारे, सुमित कुमार बंजारे, गोकुल निर्मलकर और सावित्री बंजारे पुरदा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में घुस आए हैं.
आरोपियों ने स्कूल समय में ही शिक्षक दीपक देशलहरे के साथ हाथ-मुक्कों से बुरी तरह मारपीट की और उन्हें जबरदस्ती अपनी कार नम्बर CG04 KD 9009 में डालकर अपहरण कर ले गए. इतना ही नहीं. आरोपियों ने शिक्षक की मोटरसाइकिल नम्बर CG07 LK 2169 को भी बलपूर्वक छीन लिया. पीड़ित ने बताया कि आरोपी उसके भाई द्वारा लिए गए कर्ज पर ब्याज सहित ज्यादा रकम की मांग कर रहे थे.
अपहरण जैसी गंभीर घटना की सूचना मिलते ही बोरी पुलिस हरकत में आ गई. थाना प्रभारी अनिल कुमार पटेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरु की गई. पुलिस टीम ने तेजी से काम करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपियों का पता लगा लिया और उनके कब्जे से अपहृत शिक्षक दीपक देशलहरे को सुरक्षित बरामद कर लिया.
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों- खरिमन दास बंजारे उम्र 55 साल, सुमित कुमार बंजारे उम्र 35 साल और गोकुल निर्मलकर उम्र 57 साल को गिरफ्तार किया. इस मामले की चौथी आरोपी सावित्री बंजारे उम्र 52 साल को बोरी के बाजार चौक से गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार और छीनी गई मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है.
पुलिस ने सभी चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 140, 308(5) और 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 83/2025 दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. इस कामयाब कार्यवाही में निरीक्षक अनिल कुमार पटेल, प्रधान आरक्षक योगेश पचौरी, आरक्षक ऋषि बंछोर, ऋतुराज सिंह और चन्द्रशेखर यादव की भूमिका सराहनीय रही.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB