अभनपुर में चाकू लहराकर राहगीरों को धमकाने और लूटपाट का प्रयास करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार बदमाश की तलाश में जुटी पुलिस

Two accused arrested in Abhanpur for brandishing a knife, threatening passersby, and attempting robbery; police are searching for a third suspect who is at large.

अभनपुर में चाकू लहराकर राहगीरों को धमकाने और लूटपाट का प्रयास करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार बदमाश की तलाश में जुटी पुलिस

रायपुर/अभनपुर : राजधानी रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में आम लोगों को धारदार चाकू दिखाकर डराने-धमकाने और लूटपाट का प्रयास करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया. जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. वहीं एक आरोपी मौके से फरार हो गया. जिसकी तलाश जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक अभनपुर थाना पुलिस को खबर मिली कि यारा द पंजाबी ढाबा के पास तीन युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और धारदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहे हैं. खबर में यह भी बताया गया था कि आरोपी लूटपाट की कोशिश कर रहे हैं.
खबर मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम फौरन मौके पर पहुंची. पुलिस को आता देखकर तीनों आरोपी वहां से भागने लगे. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया. जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू बंजारे उर्फ राजू पठान उम्र 30 साल निवासी वार्ड नंबर 7 अभनपुर और दीपक वर्मा उम्र 25 साल निवासी ग्राम बड़े उरला के रूप में की है. वहीं फरार आरोपी की पहचान मोहित मिता निवासी ग्राम टोकरो के रूप में हुई है.
पुलिस ने आरोपी राजू बंजारे के कब्जे से एक स्टील का धारदार चाकू बरामद किया है. इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल नम्बर CG04 KC 3871 को भी जब्त किया गया है. पुलिस ने जब आरोपी से चाकू रखने के बारे में वैध दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी अनुमति या दस्तावेज पेश नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार हथियार जब्ती की कार्रवाई की.
मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 111 बीएनएस और धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत जुर्म दर्ज किया है. दोनों गिरफ्तार आरोपियों को अदालत के सामने पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी राजू बंजारे उर्फ राजू पठान का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है. उसके खिलाफ थाने में लूट और चाकूबाजी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं. पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी मोहित मिता की तलाश के लिए टीम सक्रिय है. जल्द ही उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं, अभनपुर पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है.
हथियार लेकर घूमने, लोगों को डराने-धमकाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस ने आम नागरिकों से अपील किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध हथियार रखने वाले व्यक्ति की जानकारी फौरन पुलिस को दें. ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?