काम में लापरवाही बरतने वाले जल जीवन मिशन के 5 ठेकेदारों को किया ब्लैक लिस्टेड, कलेक्टर ने लिया सख्त एक्शन, मचा हडकंप

5 contractors of Jal Jeevan Mission were blacklisted for negligence in work Collector took strict action there was commotion

काम में लापरवाही बरतने वाले जल जीवन मिशन के 5 ठेकेदारों को किया ब्लैक लिस्टेड, कलेक्टर ने लिया सख्त एक्शन, मचा हडकंप

रायपुर : बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय में जल जीवन मिशन अंतर्गत जिला जल एवं स्वच्छता मिशन समिति की बैठक सम्पन्न हुई. कलेक्टर ने कामकाज में धीमी प्रगति के चलते 5 ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड करने की कार्रवाई की गई है.
जिसमें सौमित्र कन्सट्रक्शन जांजगीर, परिजात कन्सट्रक्शन जांजगीर, रेखचंद अग्रवाल रायपुर, राघव कन्सट्रक्शन जांजगीर और सुनील अग्रवाल बाराद्वारा शामिल है. उक्त फर्म बार-बार चेतावनी और नोटिस के बावजूद काम में सुधार नहीं ला पा रहे थे. जिस कारण सख्त कार्रवाई की गई है.
इसके साथ ही जिले में 190 कार्यों के करीब 70 कन्सट्रक्शन कम्पनियों को पेनाल्टी के साथ उनके काम में समय वृध्दि कर अनुमति प्रदान की गई है. कलेक्टर ने दो टूक कहा कि जल जीवन मिशन में किसी भी की तरह की काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत कार्य शुरु होने से पहले इंजीनियर यह सुनिश्चित कर लें कि सम्बंधित गांव में जल स्रोत की उपलब्धता हो. बिना जल स्रोत उपलब्धता के कोई भी काम शुरु न होने दें. सभी इंजीनियर ठेकेदार द्वारा कराए जा रहे कार्यों का मॉनिटरिंग करें और प्रगति के लिए लगातार फॉलो अप करते रहें. पाईप लाईन के बिछाने के काम के साथ ही साथ टंकी निर्माण का काम भी शुरु करें जिससे समय पर सभी काम पूरा हो सके.
उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर जल स्रोत व बिजली की समस्या है. वहां स्थल भ्रमण कर जांच करें. उन्होंने काम पूरा होने के बाद हैंड ओवर लेने में सरपंचों के द्वारा रुचि नही लेने के मामले पर भी आवश्यक समन्वय करने के निर्देश अधिकारियो को दिए. कलेक्टर ने पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदे जाने वाले गड्ढों को खुला छोड़ने की स्थित को गंभीरता से लेते हुए गड्ढों की फिर से भराई कराने के निर्देश ठेकेदारों को दिए.  इसके साथ ही जिन ग्राम पंचायतों में जल जीवन मिशन का काम किया जा रहा है. वहां पर शत प्रतिशत ग्राम पंचायत, छात्रावास, स्कूल, हास्पिटल, आंगनबाड़ी केन्द्रों में शतप्रतिशत रनिंग वाटर सप्लाई पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं.
इसके साथ ही कलेक्टर ने विभाग द्वारा किए जा रहे पानी टंकी निर्माण एवं हर घर जल योजना में हो रहे काम की प्रशंसा की है. जिला कार्यालय को मिली जानकारी के मुताबिक जिले के कुल 736 ग्रामों में कुल 616 पानी टंकी स्वीकृति की गई है. जिसमें से 263 पानी टंकी का निर्माण पूरा हो गया है और 336 पानी टंकी निर्माण प्रगतिरत है आने वाले एक महीने के भीतर करीब 100 पानी टंकियां पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb