कचरा फेंकने को लेकर दो परिवारों में हिंसक झड़प, महिला ने पड़ोसी को आरी से काटने की कोशिश, एक ही परिवार के तीन लोग घायल, वीडियो वायरल
Violent clash between two families over throwing garbage, woman tried to cut neighbour with a saw, three people of the same family injured, video goes viral
दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र स्थित कैलाश नगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां कचरा फेंकने के विवाद ने हिंसक रुप ले लिया. मामूली कहासुनी से शुरु हुआ झगड़ा देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. जिसमें एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए.
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह दो पड़ोसी परिवारों के बीच कचरा फेंकने को लेकर बहस शुरु हुई. पहले तो बातों-बातों में कहासुनी हुई. लेकिन बात इतनी बढ़ गई कि एक महिला घर से आरी निकालकर पड़ोसियों पर हमला करने दौड़ पड़ी. महिला ने आरी से हमला करने की कोशिश की. जिसे बाद में एक पुरुष ने उससे छीन लिया.
विवाद के दौरान एक महिला ने दूसरी महिला को जमीन पर पटक दिया और उसके सीने पर जोर से लात मार दी. जिससे वह बेहोश हो गई. घटना के समय अन्य लोग भी मौके पर मौजूद थे. जिन्होंने किसी तरह झगड़ा शांत कराया और घायलों को संभाला.
इस पूरे विवाद में एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हुए हैं. जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिससे लोगों में आक्रोश और चौंकाने वाली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
वारदात की खबर मिलते ही जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से शिकायत लेकर मामले की जांच शुरु कर दी है. जामुल पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि, “दोनों पक्षों की शिकायतें ली गई हैं और मारपीट, हमला और उत्पात से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है.”
वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कचरा फेंकने को लेकर पहले भी यहां विवाद होते रहे हैं. लेकिन इस बार मामला हिंसक हो गया. लोगों ने प्रशासन से नियमित सफाई व्यवस्था और निगरानी की मांग की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



