मक्का फसल का भुगतान लंबित, जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे किसान, किसानों ने मक्का फसल की राशि दिलाने कलेक्टर से लगाई गुहार, मिला आश्वासन

Maize crop payment pending, farmers reached the public hearing program, farmers appealed to the collector for payment of maize crop, got assurance

मक्का फसल का भुगतान लंबित, जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे किसान, किसानों ने मक्का फसल की राशि दिलाने कलेक्टर से लगाई गुहार, मिला आश्वासन

दुर्ग : दुर्ग जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी. उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को जल्द कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा. जनदर्शन में डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव भी मौजूद थे.
दुर्ग और धमधा के किसानों ने मक्का फसल की रकम दिलाने आवेदन दिया. किसानों ने बताया कि पापकार्ननिका प्रा.लि. ग्राम पांगरी खुर्द राजनांदगांव से मक्का बीज लेकर मक्के की खेती की गई. कंपनी द्वारा मक्का फसल खरीदने के बाद निर्धारित समय में भुगतान करने का वादा किया था. किसानों ने बताया कि ग्राम पांवरी खुर्द, बोईरडीह, ओडेरी, भर्रीटोला सहित अन्य गांवों के किसानों ने कंपनी को मक्का फसल बेची. फसल खरीदने के बाद भी करीब 40 दिनों से भुगतान लंबित है. जिससे खेती-किसानी और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में कठिनाई हो रही है. किसानों ने संबंधित कंपनी से शीघ्र भुगतान कराए जाने की मांग की. इस पर कलेक्टर ने उप संचालक कृषि विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा.
वार्ड नंबर 59 कातुलबोर्ड क्षेत्र के वार्डवासियों ने शीतला मंदिर तालाब के पास किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की. वार्डवासियों ने बताया कि तालाब किनारे हुए अतिक्रमण की वजह से क्षेत्र में कई तरह की समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं. तालाब किनारे कुछ व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए अतिक्रमण के चलते घरों का गंदा पानी तालाब में पहुंच रहा है. जिससे तालाब का पानी दूषित हो रहा है. इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और तालाब तक आने-जाने में भी दिक्कते हो रही हैं. इस पर कलेक्टर ने नगर निगम दुर्ग को परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा.
ग्राम आमाटोला निवासी ने खसरा नंबर के नक्शे में सुधार और ऑनलाइन भू-नक्शा पोर्टल में त्रुटि सुधार के लिए आवेदन दिया.
आवेदक ने बताया कि पुराने राजस्व रिकॉर्ड सही होने के बावजूद ऑनलाइन पोर्टल में नक्शा त्रुटिपूर्ण दिख रहा है. जिससे कृषि कार्य और योजनाओं के लाभ लेने में परेशानी हो रही है. इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार दुर्ग को परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए. ग्राम महमरा के ग्रामीणों ने कृषि कार्य के लिए स्थापित बोरवेलों के पानी का टैंकरों के जरिए व्यावसायिक उपयोग किए जाने की शिकायत की.
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में कई बोरवेल पहले ही गर्मी के कारण सूख चुके हैं. जबकि कुछ स्थानों पर बोरवेल के पानी का व्यावसायिक उपयोग लगातार किया जा रहा है. जिन जल स्रोतों से पानी बेचा जा रहा है. उन्हीं क्षेत्रों के आसपास गांव की पेयजल व्यवस्था भी जुड़ी हुई है. कृषि और मछली पालन के नाम पर पानी का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है. इस पर कलेक्टर ने पीएचई को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t