राखड़ लोडिंग के दौरान दर्दनाक हादसा, ट्रेलर चालक की दबकर मौत, मर्डर की आशंका, मुआवजे को लेकर 5 घंटे तक चला हंगामा
Tragic accident during loading of gravel, trailer driver crushed to death, murder suspected, uproar over compensation for 5 hours
बिलासपुर/सीपत : सीपत के एस डाइक-2 ग्राम राख में राखड़ लोडिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया. ग्राम घुठेली मेला, जिला मुंगेली निवासी ट्रेलर चालक रामखिलावन महिलांगे उम्र 38 साल का शव मंगलवार रात ट्रेलर में राखड़ के नीचे दबा हुआ मिला. चालक सोमवार से लापता था. शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया. जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक रामखिलावन हाल ही में शांति नगर सकरी स्थित ससुराल में रह रहा था और बीते दो महीने से मोनू राजपाल कंपनी में ट्रेलर चलाता था. वह रोजाना ग्राम राख के राखड़ डैम से पत्थलगांव राखड़ ले जाने का काम करता था. सोमवार देर रात करीब 1 बजे रामखिलावन राखड़ लोडिंग के लिए डैम पर पहुंचा.
बताया जा रहा है कि ट्रेलर के डाले पर चढ़कर तिरपाल निकालते समय चैन माउंटिंग मशीन के ऑपरेटर ने ट्रॉली में राखड़ डाल दी. आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान रामखिलावन राखड़ में दब गया. रात भर उसकी तलाश की गई, लेकिन कामयाबी नहीं मिली. उसका मोबाइल ट्रेलर के केबिन में ही मिला. मंगलवार को मस्तूरी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई.
संदेह गहराने पर सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी और मस्तूरी थाना प्रभारी हरीशचंद्र टांडेकर मौके पर पहुंचे. मंगलवार रात करीब 10:30 बजे ग्रामीणों की मदद से ट्रेलर में भरी राखड़ खाली कराई गई. तब जाकर चालक का शव राखड़ के नीचे दबा मिला.
घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़ गए. जनपद सदस्य रेवाशंकर साहू, राख सरपंच विक्रम सूर्यवंशी के नेतृत्व में लोगों ने एनटीपीसी और गाड़ी मालिक को मौके पर बुलाने की जिद की. करीब 5 घंटे तक एसडीएम प्रवेश पैकरा, तहसीलदार सोनू अग्रवाल, सीएसपी सिद्धार्थ बघेल, सीएसपी लालचंद मोहले और थाना प्रभारी सहित पुलिस बल को मशक्कत करनी पड़ी. आखिरकार पुलिस प्रशासन ने गाड़ी मालिक से फौरन 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि परिजनों को दिलाई, तब जाकर मामला शांत हुआ.
मृतक अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है. 11 वर्षीय देवराज, 9 वर्षीय तिलक और 6 वर्षीय लक्ष्य। यह हादसा परिवार पर दुखों का पहाड़ बनकर टूटा है. ग्रामीणों ने एनटीपीसी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजे और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



