बाल सुधार गृह से 15 नाबालिग बालक फरार, सुरक्षा गार्ड से मारपीट कर किया घायल, मच गया हड़कंप, पांच गिरफ्तार!, 10 अब भी फरार

15 minor boys escape from a juvenile home, assault security guards, injure them, spark panic; five arrested, 10 still at large

बाल सुधार गृह से 15 नाबालिग बालक फरार, सुरक्षा गार्ड से मारपीट कर किया घायल, मच गया हड़कंप, पांच गिरफ्तार!, 10 अब भी फरार

सरगुजा : सरगुजा जिले के गांधी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशुनपुर स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी से सोमवार रात 15 अपचारी बालकों के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इन बालकों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड पर हमला कर परिसर की दीवार फांदकर अपनी जान बचाई. खबर मिलते ही गांधीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच बालकों को पकड़ लिया है, जबकि दस अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है.
मिली जानकारी के मुताबिक, प्लेस ऑफ सेफ्टी की क्षमता 25 बालकों की है. लेकिन घटना के समय यहां 36 अपचारी बालक रखे गए थे. चिंताजनक बात यह है कि इनमें से कुछ बालकों की उम्र 18 साल से ज्यादा हो चुकी थी, इसके बावजूद उन्हें बाल सुधार गृह में ही रखा गया था. यह एक गंभीर जांच का विषय बन गया है. जो नियमों के उल्लंघन की तरफ इशारा करता है.
सोमवार रात करीब 9 बजे, भोजन के बाद जब बालकों को उनके वार्ड में ले जाया जा रहा था. तभी अचानक उन्होंने सुरक्षा गार्ड पर हमला कर दिया. इस अफरातफरी का फायदा उठाकर 15 बालक दीवार फांदकर फरार होने में कामयाब रहे. प्लेस ऑफ सेफ्टी के प्रभारी हाउस फादर भानू प्रताप ने बताया कि घटना के समय तीन गार्ड ड्यूटी पर थे. एक गार्ड पर हमला होने के बाद जब तक अन्य गार्ड मौके पर पहुंचते. तब तक ज्यादातर बालक भाग चुके थे.
अधीक्षक ने घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस को अवगत कराया. पुलिस ने देर रात ही तलाश अभियान शुरु किया. इस दौरान तीन बालकों को पकड़ लिया गया. जबकि दो बालक स्वयं लौट आए. बाकी दस फरार बालकों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
सूत्रों के मुताबिक फरार हुए ज्यादातर बालक कोरिया, सूरजपुर और सरगुजा जिलों के निवासी हैं. बाल सुधार गृह में 14 से 18 साल से कम उम्र के उन किशोरों को रखा जाता है जो हत्या, चोरी, दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे हों. 18 साल पूरा होने पर उन्हें केंद्रीय जेल भेजे जाने का प्रावधान है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
इधर, फरार बालकों में से तीन को बिलासपुर शहर में ट्रेस किए जाने की खबर मिली है. उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम रवाना हो गई है. जबकि अन्य फरार बालकों की तलाश लगातार जारी है. इस बारे में महिला एवं बाल विकास अधिकारी जे आर प्रधान से उनका पक्ष लेने मोबाइल पर संपर्क किया गया. लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB