महाशिवरात्रि में मंदिर से घर लौट रही शादीशुदा महिला पर किया कटर से जानलेवा हमला, पीड़िता ICU में एडमिट, आरोपी बदमाश योगेंद्र गिरफ्तार
Married woman returning home from temple on Mahashivratri attacked with a cutter, victim admitted to ICU, accused Yogendra arrested
दुर्ग : एकतरफा प्यार कई बार खतरनाक रुप ले लेता है. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में ऐसा ही एक डरावना मामला सामने आया है. महाशिवरात्रि के दिन मंदिर से पूजा कर घर लौट रही एक शादीशुदा महिला पर एक युवक ने बेरहमी से हमला कर दिया. “तू घमंडी है” कहकर उसने कटर से ताबड़तोड़ वार किया.
मिली जानकारी के मुताबिक दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में 26 साल की महिला नारंग मंदिर से पूजा कर घर लौट रही थीं. इसी दौरान योगेंद्र यादव नाम के युवक ने रास्ते में उन्हें रोक लिया. उसने महिला पर गुस्सा दिखाते हुए कहा, “तू घमंडी है, मुझसे बात नहीं करती… मैं तुझे जान से मार दूंगा.” इतना कहने के बाद उसने जेब से कटर निकाला और उनके गले पर वार करने की कोशिश की.
महिला ने हाथ उठाकर खुद को बचाने की कोशिश की. लेकिन आरोपी ने उन पर लगातार कई वार कर दिया. पहले हाथ पर हमला किया. फिर शरीर के अन्य हिस्सों पेट, छाती और बाजुओं पर ताबड़तोड़ वार करता चला गया. कई जगह गहरे घाव आए और डॉक्टरों को कई टांके लगाने पड़े.
इस हमले के दौरान महिला की चीखें सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़े और युवक को पकड़ने की कोशिश की. भीड़ को आता देख आरोपी भागने लगा. लेकिन लोगों ने महिला को हॉस्पिटल पहुंचाया. समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच गई.
घायल महिला की बहन ने कहा कि यह युवक शादी से पहले भी दीदी का पीछा करता था और प्यार करने का दबाव डालता था. वह आते-जाते समय छेड़छाड़ करता था, लेकिन दीदी ने परिवार को कभी नहीं बताया. क्योंकि उन्हें डर था कि कहीं कोई बड़ा विवाद न खड़ा हो जाए. बहन ने बताया कि वह गुंडे जैसा व्यक्ति है, इसीलिए दीदी हमेशा चुप रहीं.
पीड़िता शादी के बाद रायपुर में अपने पति के साथ रह रही है. उसकी शादी वर्ष 2023 में रायपुर निवासी आशीष नवरंगे से हुई है. महाशिवरात्रि पर्व के मौके पर वह अपने पिता के घर शिवपारा स्टेशन मरोदा, नेवई आई थी. घटना 15 फरवरी की शाम करीब 5 बजे की है. युवती बैकुंठधाम मंदिर में पूजा-पाठ कर घर लौट रही थी. इसी दौरान इंदा चौक के पास एक गली में पीछा कर रहा युवक टॉयलेट उसे रोककर बात करने लगा. युवती के मना करने पर आरोपी ने धमकी देते हुए कटर से हमला कर दिया.
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि युवक योगेंद्र यादव उर्फ टायलेट पहले से ही बदमाशी करता रहा है. कभी किसी का घर तोड़ देना. कभी हाथ में तलवार लेकर लोगों को डराना, तो कभी मामूली बात पर मारपीट कर देना उसके लिए आम बात थी. लोग उससे डरते थे. लेकिन खुलकर शिकायत करने से हिचकते थे. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी योगेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया. उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



